सरगुजा

खराब चावल हो रहा पास, अच्छी क्वालिटी रिजेक्ट-मिलर एसो.
03-Jun-2023 8:35 PM
खराब चावल हो रहा पास, अच्छी क्वालिटी रिजेक्ट-मिलर एसो.

एसो. ने क्वालिटी इंस्पेक्टर पर मनमानी का लगाया आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 3 जून। धमतरी के बाद सरगुजा जिला में भी बलरामपुर जिला के मिलर एसोसिएशन के सदस्यों ने खराब चावल पास एवं अच्छी गुणवत्ता का चावल फेल करने का आरोप क्वालिटी इंस्पेक्टर पर लगाया है।

 मिलर एसोसिएशन के सदस्यों का आरोप है कि अभी हाल में ही एफसीआई के क्वालिटी इंस्पेक्टर द्वारा अंबिकापुर विकासखंड के डिगमा, चठिरमा एवं बतौली विकासखंड के बेल कोटा में गुणवत्ताविहीन चावल अपनी मनमानी करते हुए पास किया गया है, जिसकी जांच कराई जानी चाहिए।

बलरामपुर मिलर एसोसिएशन के सदस्यों का यह भी आरोप है कि एफसीआई के मिलर प्रतिनिधि के द्वारा अंबिकापुर के वाहनों को पहले पास कर दिया जाता है और बलरामपुर जिले से जो वाहन चावल लेकर आते हैं, उन्हें 4-5 दिन खड़ा कर उनके लाट को फेल कर दिया जा रहा है।

भारतीय खाद्य निगम में हो रही अनियमितता को लेकर सरगुजा में राइस मिलरों की परेशानी बढ़ गई हैं। मिलर अपने अच्छी क्वालिटी के चावल को एफसीआई में नहीं दे पा रहे हैं, जबकि रद्दी चावल पास हो जा रहा है। एसोसिएशन का आरोप है कि कस्टम मिलिंग के काम में सेम्पल पासिंग के नाम पर जमकर अनियमितता बरती जा रही है, इसमें लाखों रुपए की अवैध उगाही हो रही है।

कुछ राइस मिलरों ने बताया कि सरगुजा के सूरजपुर,बलरामपुर एवं सरगुजा जिले के सैकड़ों राइस मिलर्स कस्टम मिलिंग का काम कर रहे हैं। एफसीआई में चावल पास कराने  मिलरों से अवैध उगाही करने से लेकर और भी कई तरह से परेशान किया जा रहा है जिसके कारण मिलर एसोसिएशन के सदस्यों में आक्रोश है। एसोसिएशन ने एफसीआई के बड़े अधिकारियों से सरगुजा में खराब चावल की खरीदी जो विभिन्न केंद्रों में हुई है, उसकी निष्पक्ष जांच कर संबंधित अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

गौरतलब है कि अभी हाल में ही धमतरी जिला में भी चावल पास कराने के नाम पर क्वालिटी कंट्रोलर को निलंबित किया गया है तथा कई अधिकारी कर्मचारियों का तबादला हो गया है। धमतरी के बाद सरगुजा में भी चावल पास कराने में अनियमितता होने का आरोप एसोसिएशन द्वारा लगाया जा रहा है एवं जांच की मांग की जा रही है।

गलत आरोप है- क्वालिटी इंस्पेक्टर

राइस मिलर्स एसोसिएशन के सदस्यों द्वारा रद्दी चावल पास करने के आरोप पर क्वालिटी इंस्पेक्टर पंम सांग से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि आरोप बिल्कुल गलत है, हमने जो चावल की खरीदी की है वह हमारे पास अभी भी उपलब्ध है कोई भी आकर चेक कर सकता है, हर 15 दिन में ऊपर से अधिकारी चेक करने आते हैं, खराब चावल खरीदने जैसी कोई बात नहीं है।


अन्य पोस्ट