सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 20 मई। अंबिकापुर में शुक्रवार की देर रात दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में दो का उपचार मेडिकल कॉलेज अस्पताल व 1 का उपचार निजी अस्पताल में चल रहा है। घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई हैं। घटना अंबिकापुर से सपना सुखरी जाने वाली रोड पर मणिपुर थाना क्षेत्र के सेमरघाट के पास हुई।
घटना को देख कर अंदाजा लगाया जा सकता है कि दोनों ही बाइक चालक अनियंत्रित रफ्तार से बाइक चला रहे थे। ग्रामीणों की सूचना पर मणिपुर पुलिस मौके पर पहुंची। 112 और 108 एंबुलेंस को सूचना दी गई।

जानकारी के अनुसार बीती रात अजब नगर के समीप रविंद्रनगर निवासी 3 युवक मोटरसाइकिल से बाईपास रोड होते हुए अंबिकापुर की ओर आ रहे थे, वहीं बाइक सवार तीन लोग अंबिकापुर की ओर से ग्राम फतेहपुर अपने घर जा रहे थे। अंबिकापुर से सपना सुखरी जाने वाली रोड पर मणिपुर थाना क्षेत्र के सेमरघाट के पास दोनों की मोटरसाइकिल आपस में भिड़ गई। दुर्घटना में दोनों ही मोटरसाइकिल में सवार सभी छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
ग्रामीणों की सूचना पर मणिपुर पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल सभी को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया, जहां फतेहपुर निवासी प्रमोद सिंह पिता धनेश्वर सिंह (18 वर्ष) सहित रविंद्र नगर निवासी अभिषेक बैरागी पिता सपन बैरागी (24 वर्ष), बलराम दास पिता कार्तिक (23 वर्ष) की मौत हो गई, जबकि पुतीन विश्वास, देव सिंह व बुधराम गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका उपचार जारी है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। जांच के बाद पता चलेगा कि बाइक सवार नशे की हालत में तो गाड़ी नहीं चला रहे थे।
तीन लोगों की एक साथ मौत से परिवार में मातम पसर गया। रात को ही मृतकों के परिजनों की चीख-पुकार से अस्पताल गूंज रहा था।