सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,19 मई। शुक्रवार को पति की लंबी उम्र और मंगलमय जीवन के लिए सुहागिन महिलाओं ने वट सावित्री की विधि विधान से पूजा की। व्रत रखकर महिलाओं ने बरगद के वृक्ष की पूजा कर पति और परिवार के सुखमय जीवन की कामना की।
मंदिरों पर सुबह से ही काफी भीड़ देखी गई। पूजन का सिलसिला भोर से ही शुरू हो गया था। इसके अलावा घरों और शहर के विभिन्न मंदिरों में पूजन के लिए काफी भीड़ देखी गई। सिंदूर, बिंदी, रोली, रक्षा और अन्य सौंदर्य प्रसाधान की सामग्री का अर्पण किया गया।
हिन्दू धर्म में वट सावित्री पूजा को काफी महत्व दिया गया हैं। ऐसी मान्यता हैं कि इसी दिन सावित्री ने पति सत्यवान के प्राण आज ही के दिन वट के वृक्ष के नीचे बैठकर बचाया था। व्रत में बरगद के पेड़ का बहुत महत्व है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार बरगद के वृक्ष में त्रिदेव ब्रह्मा, विष्णु और महेश का वास होता है। पेड़ की जड़ें ब्रह्मा का प्रतिनिधित्व करती हैं। वट वृक्ष का तना विष्णु का प्रतिनिधित्व और भगवान शिव बरगद के पेड़ के ऊपरी हिस्से का प्रतिनिधित्व करते हैं। पूरा पेड़ सावित्री माना जाता है।
ऐसा माना जाता है कि इस पवित्र पेड़ के नीचे पूजा करने से भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। पौराणिक मान्यता के अनुसार जिस तरह सावित्री ने अपने समर्पण से अपने पति सत्यवान को यमराज से वापस लाई थीं, उसी तरह इस व्रत को रखने वाली विवाहित महिलाओं को एक सुखी वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद प्राप्त होता है।
शुक्रवार को वट सावित्री व्रत था। इस दिन सुबह जल्दी स्नान करने के बाद, विवाहित महिलाएं दुल्हन के रूप में तैयार होकर अपने माथे पर सिंदूर लगाया। इसके बाद भीषण गर्मी व चिलचिलाती धूप में नंगे पाव पूजन सामग्री के साथ बरगद के पेड़ के नीचे गई। इसके बाद विधि विधान से वट वृक्ष की पूजा शुरू की। बरगद के पेड़ को चावल और फूल अर्पित किया। इसके बाद पेड़ के तने के चारों ओर पीले या लाल रंग के धागे बांध कर उस पर सिंदूर छिडक़ कर प्रार्थना करते हुए पेड़ की परिक्रमा की। देवी सावित्री की भी पूजा कर उनकी कथा सुनकर भोग लगाकर अपने व्रत का पारण किया गया।