सरगुजा

एटीएम कार्ड बदलकर ठगी, फरार आरोपी यूपी से गिरफ्तार
14-May-2023 7:16 PM
एटीएम कार्ड बदलकर ठगी, फरार आरोपी यूपी से गिरफ्तार

अलग-अलग बैंकों के 20 एटीएम कार्ड -4 मोबाइल बरामद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,14 मई।
एटीएम कार्ड बदलकर ठगी के मामले में फरार आरोपी को पुलिस ने इटावा उत्तरप्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपी से अलग-अलग बैंकों के करीब 20 एटीएम कार्ड एवं 4  मोबाइल बरामद किए गए।

ज्ञात हो कि  सरगुजा पुलिस द्वारा विगत सप्ताह एटीएम कार्ड बदलकर प्रार्थियों के खाते से पैसा आहरण करने वाले शातिर गिरोह का खुलासा किया गया था। शातिर गिरोह द्वारा सरगुजा जिले एवं आस पास के क्षेत्रों  में लगभग 25 से अधिक ठगी की थी, जिसमें मुख्य आरोपी मुकेश सोनी की गिरफ्तारी सरगुजा पुलिस द्वारा छतरपुर से की गई थी। ठगी के मामले में शामिल सह आरोपी महेंद्र सिंह निवासी मैनपुरी उत्तरप्रदेश घटना के बाद से ही लगातार फरार चल रहा था। आरोपी महेंद्र सिंह पूर्व में हत्या के मामले में तिहाड़ जेल में निरूद्ध था, उसी दौरान कॉन्ट्रैक्ट किलर मुकेश सोनी से दोस्ती हुई थी, दोनों आरोपी पैरोल से फरार होने के पश्चात मिलकर लगातार ठगी कर रहे थे।
मामले को संज्ञान मे लेकर पुलिस अफसरों के निर्देशन में  फरार आरोपी की  गिरफ़्तारी हेतु एक विशेष टीम का गठन किया गया था। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विवेक शुक्ला, नगर पुलिस अधीक्षक स्मृतिक राजनाला,प्रशिक्षु आईपीएस चिराग जैन,अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अखिलेश कौशिक के नेतृत्व में संयुक्त पुलिस टीम का गठन कर फरार आरोपी के सम्बन्ध में सूचनाएं एकत्रित कर गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा था।

ठगी के मामले मे फरार सह आरोपी के सम्बन्ध में साइबर सेल से आवश्यक तकनीकी जानकारी प्राप्त कर संयुक्त पुलिस टीम दिल्ली रवाना की गई थी। पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी महेंद्र सिंह दिल्ली में निवास कर रहा है एवं अपने करीबी रिश्तेदार की शादी में शामिल होने इटावा अंतर्गत बिधुना थाना क्षेत्र में आ रहा है।

सूचना पर तत्काल सरगुजा पुलिस की संयुक्त टीम इटावा उत्तरप्रदेश पहुंचकर वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होकर आरोपी की रेकी कर मौक़े पर मुखबिर भी तैनात किये गए थे। मुखबिर द्वारा आरोपी के विवाह स्थल से निकलने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम द्वारा आरोपी का पीछा कर इटावा से दिल्ली जाने वाली हाईवे पर करीब 180 किलोमीटर तक पीछा करते हुए आगरा उत्तरप्रदेश में घेराबंदी कर पकडक़र पूछताछ किया गया। उसने अपना नाम महेंद्र सिंह उम्र 34 वर्ष निवासी नागलाकेरी बेवर मैनपुरी उत्तरप्रदेश का होना बताया।

आरोपी के पास से अलग-अलग बैंकों के करीब 20 एटीएम कार्ड बरामद हुए हैं, आरोपी से घटना के सम्बन्ध में पूछताछ करने पर पूर्व में गिरफ्तार आरोपी मुकेश सोनी के साथ मिलकर एटीएम की अदला बदली कर प्रार्थियों के खाते से नगद राशि आहरण कर ठगी करना स्वीकार किया।

आरोपीको गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया। आरोपी पूर्व में हत्या के मामले में दिल्ली जेल में निरुद्ध होकर सजा काट रहा था। जेल से पैरोल मिलने के बाद फरार होकर ठगी में शामिल हुआ था आरोपी के संबंध में दिल्ली पुलिस को भी अग्रिम कार्रवाई के लिए सूचना भेजी गई है।


अन्य पोस्ट