सरगुजा

मैनपाट को विकसित करने किया जाएगा हरसंभव प्रयास-डॉ. महंत
11-May-2023 8:11 PM
मैनपाट को विकसित करने किया जाएगा हरसंभव प्रयास-डॉ. महंत

पनिका समाज का महासम्मेलन, समाज को मजबूत करने पर जोर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,11 मई।
गुरुवार को छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत गंगापुर स्थित कबीर आश्रम में आयोजित पनिका समाज के महासम्मेलन कार्यक्रम में शामिल हुए। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा-अपने समाज को मजबूत करने की आवश्यकता है। यह कार्यक्रम आपसी प्रेम और भाईचारे का सम्मेलन है।

दरअसल, अंबिकापुर के गंगापुर स्थित कबीर आश्रम की जमीन पर लम्बे समय से विवाद चल रहा है, जिसकी जानकारी कबीर संत समाज के वरिष्ठजनों ने विधानसभा अध्यक्ष को दी थी, इसी विवाद को दूर करने विधानसभा अध्यक्ष अंबिकापुर पहुंचे थे, लेकिन उनके आने पर पनिका समाज द्वारा महासम्मेलन कार्यक्रम आयोजित कर लिया। 
डॉ. चरणदास महंत ने मीडिया से बातचीत में कहा कि कबीर समाज के वरिष्ठजनों और प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत कर कबीर आश्रम के जमीन मामले का निराकरण कर लिया गया है। 

महासम्मेलन में चरणदास महंत के साथ विधायक प्रीतम राम, विधायक विनय जायसवाल, श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष शफी अहमद, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता जेपी श्रीवास्तव, द्वितेंद्र मिश्रा सहित अन्य लोग मौजूद थे।

महासम्मेलन में शामिल होने के उपरांत डॉ. चरणदास महंत एवं उनकी पत्नी ज्योत्सना महंत मैनपाट के लिए रवाना हो गए।

मां महामाया मंदिर में पूजा-अर्चना
छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत एवं उनकी पत्नी कोरबा सांसद ज्योतसना महंत दो दिवसीय सरगुजा दौरे पर पहुँचे, जहाँ सबसे पहले परिवार के साथ जाकर माँ महामाया मंदिर में पूजा-अर्चना की। 

सर्किट हाउस में मीडिया से चर्चा करते हुए चरणदास महंत ने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले अपने साथियों की खोज में आए हुए थे, जिसमें उत्तर छत्तीसगढ़ के दौरे में निकला हुआ हूं, और विधायक साथियों का हालचाल जानने और परिवार के बारे में जानने आया हूं, साथ ही कहा कि मैनपाट सबसे बड़ा पर्यटन का क्षेत्र है, इसे विकसित करने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। 

सर्किट हाउस में डॉ चरणदास महंत से अपेक्स बैंक के संचालक अजय बंसल,राहुल गोयल,पार्षद प्रमोद चौधरी, इंद्रजीत सिंह धंजल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने मुलाकात कर उनसे वार्ता की।


अन्य पोस्ट