सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 10 मई। लखनपुर क्षेत्र में एक युवक की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने मृतक युवक की पत्नी व ससुर को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले में घरेलू विवाद सामने आया है। बताया जा रहा है कि उक्त युवक अपनी पत्नी को बसूला लेकर मारने के लिए दौड़ा रहा था, उसी दौरान पत्नी ने बसुला छीन कर उस पर जोरदार वार कर उसकी हत्या कर दी, बाद में अपने पिता के साथ उसे नर्सरी बाड़ी में फेंक दिया था। आरोपियों से घटना में प्रयुक्त बसुला, मोटरसाइकिल की चाभी एवं घटना मे प्रयुक्त अन्य सामान भी बरामद किया गया।
पुलिस ने बताया कि लखनपुर क्षेत्र के सोयदा निवासी उमाशंकर यादव ने थाना आकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका बड़ा भाई रामाशंकर यादव अपनी पत्नी बच्चों के साथ अलग मकान में निवास करता था। तुनगरी के श्यामलाल यादव ने बताया कि रामाशंकर का शव चाँदो नर्सरी बाड़ी में पड़ा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला प्रशिक्षु आईपीएस चिराग जैन, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अखिलेश कौशिक के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम, फॉरेंसिक टीम,एवं डॉग स्क्वाड द्वारा घटनास्थल का जायजा लेकर मामले में शामिल आरोपियों का पता तलाश किया जा रहा था।
मर्ग जांच दौरान परिजनों एवं आस पास के लोगों के बयान से मृतक द्वारा शराब पीकर अक्सर अपनी पत्नी से लड़ाई झगड़ा करने के तथ्य सामने आए थे, जिस कारण मृतक की पत्नी अपने मायके चांदो आ गई थी। विवाद की जानकारी प्राप्त होने पर मृतक के ससुराल के सदस्यों से घटना के सम्बन्ध में कड़ाई से पूछताछ करने पर मृतक की पत्नी बालकुमारी एवं ससुर सुखदेव ने बताया कि 4 मई को रामाशंकर यादव अपनी पत्नी बालकुमारी से वाद विवाद कर बसूला से मारने के लिये दौड़ा रहा था, उसी दौरान बालकुमारी बसूला को छीन कर रामाशंकर यादव के सिर में मार दी जिससे वह जमीन पर गिर गया, गिरने के बाद भी पत्नी ने पति के सिर में वार किया, जिससे उसकी मौक़े पर ही मौत हो गई।
पत्नी बालकुमारी अपने पिता सुखदेव के साथ मिलकर रामाशंकर यादव की लाश को चांदो नर्सरी बारी मे फेंक दिये, और मृतक के मोटर सायकल को लाश के बगल में टिका दिये। वापस घर आकर घटना में प्रयुक्त त्रिपाल, रस्सी,मृतक का कपड़ा, जुता, मोबाईल को साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से घर के बाड़ी से आग लगाकर जला देना बताया गया।
पुलिस टीम द्वारा बचे हुए अवशेष को घटनास्थल से जब्त किया गया है। आरोपियों से घटना में प्रयुक्त बसूला एवं मृतक के मोटरसाइकिल कि चाभी भी जब्त किया गया ह।
आरोपी बालकुमारी सोयदा लखनपुर एवं सुखदेव चांदो लखनपुर को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा मे भेजा गया।