सरगुजा

बाराती बोलेरो-ट्रक की भिड़ंत, 4 मौतें, 6 गंभीर
10-May-2023 10:27 PM
बाराती बोलेरो-ट्रक की भिड़ंत, 4 मौतें, 6 गंभीर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
अंबिकापुर,10 मई।
बुधवार सुबह अंबिकापुर-बनारस मुख्य मार्ग पर सोनगरा के पास बाराती बोलेरो एवं ट्रक में आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई। इस भीषण सडक़ हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का उपचार अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है, घायलों में दो की हालत अत्यंत नाजुक बताई जा रही है।

ग्राम लटोरी में शादी संपन्न होने के बाद में चालक सहित 10 बारातियों को लेकर एक बोलेरो वापस लौट रही थी। इसी दौरान अंबिकापुर-बनारस मार्ग पर ग्राम सोनगरा के पास ट्रक-बोलेरो वाहन में भिड़ंत हो गई। हादसे में बोलेरो में सवार 2 युवतियों समेत 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। 

घायलों का उपचार अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज के आईसीयू में चल रहा है, वहीं पीएम पश्चात मृतकों का शव मरच्युरी में रखवाया गया है। सडक़ हादसे में एक साथ 4 लोगों की मौत से शादी वाले घर में मातम पसर गया है।

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के रघुनाथनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम केसारी निवासी विक्की रांते पिता मेहीलाल रांते (24 वर्ष) की शादी सूरजपुर जिले के लटोरी चौकी अंतर्गत ग्राम महेशपुर निवासी अरविंद की बहन मनीषा से तय हुई थी। नौ मई को दूल्हा बारात लेकर आया और धूमधाम से शादी हुई।

10 मई की सुबह दुल्हन की विदाई होने के बाद बाराती भी घर लौटने लगे। इधर बोलेरो क्रमांक यूपी 64 एपी- 0501 का ड्राइवर जनकपुर निवासी 9 बारातियों को लेकर निकला था।

जैसे ही वह अंबिकापुर-बनारस मार्ग पर सुबह 9.30 बजे ग्राम सोनगरा के पास पहुंचा ही था कि सामने से तेज रफ्तार में आ रहे क्लिंकर लोड ट्रक क्रमांक यूपी 64 एटी-3470 से उसकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो के सामने का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना में इनकी हुई मौत
सोनगरा के पास हुए भीषण सडक़ हादसे में बोलेरो सवार बलंगी चौकी के ग्राम गुडरू निवासी लक्षनधारी (45 वर्ष), बोलेरो चालाक निवासी जनकपुर तथा चरचरी, बलंगी निवासी 2 युवतियों की मौके पर ही मौत हो गई।

ये हुए 6 गंभीर रूप से घायल
हादसे में 6 बाराती गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में ग्राम केसारी निवासी रामनारायण पिता जिरजोधन (19 वर्ष), ग्राम खोड़ निवासी जवाहिर पिता मेहीलाल (50 वर्ष), ग्राम सरना रघुनाथनगर निवासी सुखन अगरिया, व सोनिया शामिल हैं। सभी घायलों का इलाज जारी है।


अन्य पोस्ट