सरगुजा

2023 का चुनाव बड़ा टास्क है, सरगुजा संभाग की 14 विस सीटों को पाना बड़ी चुनौती- मरकाम
08-May-2023 9:44 PM
2023 का चुनाव बड़ा टास्क है, सरगुजा संभाग की 14 विस सीटों को पाना बड़ी चुनौती- मरकाम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 8 मई। दो दिवसीय सरगुजा दौरे पर पहुंचे पीसीसी चीफ मोहन मरकाम ने सोमवार को नगर के सर्किट हाउस में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि मिशन 2023-24 को लेकर बूथ स्तरीय संभागीय समीक्षा बैठक की गई।

श्री मरकाम ने कहा कि बूथ महत्वपूर्ण इकाई है, बूथ जीतेंगे तो हर इकाई जीत लेंगे। छत्तीसगढ़ में हमारी सरकार है, सरकार की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना हमारा दायित्व है। 2023 का चुनाव बड़ा टास्क है, इस बार विधानसभा चुनाव में 75 प्लस का टारगेट रखा गया है।

 प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी कहा कि इस बार सरगुजा संभाग की 14 विधानसभा सीटों को पाना सबसे बड़ी चुनौती रहेगी. जिसको देखते हुए संकल्प शिविर और संगठन की  बैठक लेकर पार्टी को मजबूत करने का प्रयास किया गया है। किसी भी चुनाव को कम नहीं आंक सकते हंै, इसलिए कड़ी मेहनत करना होगा।

बैठक एवं प्रेसवार्ता में संभाग के तीनों मंत्री टीएस सिंह देव, अमरजीत भगत, प्रेमसाय सिंह टेकाम सहित सरगुजा संभाग के 11 विधायक उपस्थित थे।

पीसीसी चीफ ने कहा कि यह सरगुजा में चौथा संभागीय समीक्षा बैठक है, इसके बाद बस्तर संभाग में संभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी।

पीसीसी चीफ ने कहा- सोमवार को सरगुजा संभाग के 14 विधानसभा सीटों के विधायक, जिला अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष की समीक्षा बैठक अंबिकापुर के राजीव भवन में आयोजित की गई, इस बैठक में बूथ लेवल के कार्यकर्ताओं को किस तरह से मजबूत किया जाए, इस पर रणनीति तय की गई।

सत्ता संगठन में नहीं है दूरी

पत्रकारों ने सत्ता एवं संगठन के बीच दूरी एवं चुनाव जीतने को लेकर प्रश्न किया तो श्री मरकाम ने कहा कि सत्ता एवं संगठन में दूरी नहीं है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव दोनों एक ही परिवार के सदस्य हैं,सभी मिलजुल कर काम करेंगे।

श्री मरकाम ने कहा कि पांचों उंगली बराबर नहीं है, इसलिए थोड़ी बहुत बात हो जाती है। इस बार कांग्रेस का चेहरा कौन होगा के प्रश्न पर श्री मरकाम ने कहा कि चेहरा हाईकमान तय करती है, वर्तमान में हम मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के चेहरे पर ही चुनाव लड़ेंगे।

नंदकुमार साय के कांग्रेस में आने से मिलेगा लाभ

भाजपा के दिग्गज नेता के हाल ही में कांग्रेस प्रवेश एवं उनके आने से कांग्रेस पार्टी को लाभ मिलने के प्रश्न पर श्री मरकाम ने कहा कि नंदकुमार साय बड़े आदिवासी नेता है। भाजपा ने उनकी उपेक्षा एवं अपमान किया है, उनके कांग्रेस प्रवेश से निश्चित ही कांग्रेस पार्टी को लाभ मिलेगा।नंद कुमार साय एक आदिवासी वर्ग से आते है और आदिवासियों से उनका गहरा नाता रहा है. इस वजह से कांग्रेस को इसका बेहतर लाभ मिलेगा, वहीं नंद कुमार साय को विधानसभा चुनाव में टिकट को लेकर कहा कि यह तो आलाकमान का निर्णय होगा किसे टिकट देना है या नहीं देना है।

केवल कागज पर काम नहीं, मैदान में भी किए है चेक-सिंह देव

वार्ता के दौरान स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव ने कहा कि बूथ स्तरीय संभागीय बैठक में संभाग के प्रत्येक ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के सदस्य मौजूद थे,जो नहीं आए थे उनसे फोन पर भी वार्ता की गई। श्री सिंह देव ने कहा कि केवल कागज पर काम नहीं मैदान में भी चेक किया, संगठन ही एकमात्र उपाय जीतने का है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव व छत्तीसगढ़ प्रभारी चंदन यादव ने कहा कि तैयारी की समीक्षा की गई है।ब्लॉक अध्यक्ष से फीडबैक भी लिया गया है। 2023-24 निश्चित ही फतह करेंगे।

बैठक सार्थक रहा- अमरजीत

मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि पीसीसी चीफ मोहन मरकाम के नेतृत्व में यह बैठक सार्थक रहा। थोड़े बहुत गिले शिकवे भी रहे, लेकिन बैठक सार्थक रहा। कोई भी चुनाव चुनौती होती है,हम सरकार के विकास के दम पर एवं कार्यकर्ताओं के दम पर निश्चित ही चुनाव जीतेंगे।

स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने कहा कि बूथ मजबूत करें और शासन की योजनाओं को जन जन तक पहुंचाएं निश्चित सरकार हमारी बनेगी।प्रेस वार्ता में सरगुजा संभाग के 11 विधायक एवं श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष सफी अहमद, जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा के अध्यक्ष राकेश गुप्ता,प्रवक्ता आशीष वर्मा,सैयद अख्तर सहित सहित अन्य लोग मौजूद थे।


अन्य पोस्ट