सरगुजा
1 करोड़ 40 लाख रुपए के गबन का आरोप
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 30 अप्रैल। चावल,शक्कर,चना व नमक के राशन घोटाले में अंबिकापुर कोतवाली एवं गांधीनगर पुलिस ने चार सोसाइटी के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित 11 सेल्समैन के ऊपर एफ आई आर दर्ज किया है। इन चारों सोसायटी पर 1 करोड़ 40 लाख रुपए के राशन गबन का आरोप है। अंबिकापुर नगर में बरेज पारा,गोधनपुर,नमना कला एवं सतीपारा सोसाइटी के अध्यक्ष,उपाध्यक्ष व सेल्समैन की मिलीभगत से राशन गबन करने का आरोप है।
कोतवाली एवं गांधीनगर थाना में दर्ज हुए एफ आई आर. के अनुसार खाद्य निरीक्षक श्वेता रानी कुजूर ने संचनालय खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण नवा रायपुर के पत्र क्रमांक 5805 के आदेशानुसार इन चारों सोसायटीओं का भौतिक सत्यापन किया जिसमें जाकिर हुसैन वार्ड बरेज पारा सोसाइटी में अध्यक्ष अनवारूल खान,उपाध्यक्ष नाजिया बानो, सेल्समैन मुस्तेबाज खान पर एफआईआर दर्ज किया गया है।उक्त तीनों पर 1551.02 क्विंटल चावल, शक्कर 13.45 क्विंटल, चना 47.87 क्विंटल,नमक 14.73 क्विंटल गबन का आरोप है।उक्त शक्कर,चना,नमक खाद्यान्न का आर्थिक लागत 60 लाख 40 हजार 488 रूपए बताया गया है।
नगर के जवाहर लाल नेहरु वार्ड सत्तीपारा में अध्यक्ष रणजीत कौर,उपाध्यक्ष रूपिंदर कौर, सेल्समैन खुशदील अहमद पर एफआईआर दर्ज हुआ है। उक्त तीनों पर चावल 638.35 क्विंटल,शक्कर 8.52 क्विंटल, चना 16.66 क्विंटल गबन करने का आरोप लगा है। उक्त चावल,शक्कर,चना का आर्थिक लागत 24 लाख 74 हजार 379 रुपए बताया गया है।
इसी प्रकार गोधनपुर सहकारी समिति में अध्यक्ष दशरथ सोनी, उपाध्यक्ष अभय राज सिंह, सेल्समैन मनीष मेहता पर एफआईआर दर्ज हुआ है। उक्त सोसाइटी में चावल और शक्कर का 27 लाख 84 हजार रुपए के गबन का आरोप है।
अंबिकापुर नगर के नमनाकला सोसाइटी में अध्यक्ष बृजेश सोनी, उपाध्यक्ष एवं सेल्समैन रुपेश सोनी के द्वारा 26 लाख 52 हजार रुपए के चावल एवं शक्कर गबन का आरोप है। उक्त चारों सोसाइटी का भौतिक सत्यापन करने उपरांत खाद्य निरीक्षक श्वेता रानी कुजूर ने कोतवाली थाना में अपनी रिपोर्ट दी थी,जिसके बाद पुलिस ने उक्त चारों सोसाइटी के 11 लोगों के ऊपर 409,34 एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 1955 3/ 7 के तहत अपराध दर्ज कराया है।
गौरतलब है कि उक्त मामले की शिकायत अंबिकापुर नगर निगम के पार्षद आलोक दुबे ने मार्च में सरगुजा कलेक्टर व राज्य शासन से शिकायत की थी,जिसमें जांच उपरांत शिकायत सही पाई गई थी जिसके उपरांत राज्य शासन के आदेश पर सरगुजा कलेक्टर ने जांच के आदेश दिए थे जिसके बाद यह कार्रवाई हो रही है।
एफआईआर दिखाने से कतराती रही पुलिस
पुलिस ने भ्रष्टाचार के इस बड़े मामले में अपराध तो दर्ज कर लिया परंतु आरोपियों के नाम सार्वजनिक करने में पुलिस अपने हाथ पूरी तरह से खींचती नजर आई। बताया जाता है कि पत्रकार जब गांधीनगर थाने पहुंचे और आरोपियों के बारे में जानना चाहा तो पुलिस का एक सटीक जवाब था कि आरोपियों की संख्यात्मक जानकारी हम दे सकते हैं पर नाम नहीं। उनका नाम सेंसेटिव है। यह जवाब सिर्फ गांधीनगर थाने का ही नहीं बल्कि पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों का भी था।