सरगुजा

बतौली के भटको में सरकारी जमीन के फर्जी पट्टा आवंटन की जांच करने पहुंची टीम
29-Apr-2023 8:21 PM
बतौली के भटको में सरकारी जमीन के फर्जी पट्टा आवंटन  की जांच करने पहुंची टीम

प्रारंभिक जांच में 8 लाख का धान बेचे जाने की पुष्टि

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
बतौली, 29 अप्रैल।
बतौली क्षेत्र के भटको में शासकीय भूमि का फर्जी पट्टा बनवाकर कुछ लोगों द्वारा स्वयं के नाम करने की शिकायत के बाद एक जांच दल आज मौके पर पहुंचा था। प्रारंभिक जांच प्रक्रिया संपन्न हुई है। 

बताया जा रहा है कि ऑनलाइन आधार पर कूटरचना कर आठ लाख का धान बेचने की भी पुष्टि हुई है।  राजस्व दस्तावेज में फर्जी पट्टाधारी के रूप में आरोपियों के नाम की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन उनके नाम ऑनलाइन आधार पर जरूर दर्ज है और जिस आधार पर कुछ लोगों ने धान की बिक्री भी की है। फिलहाल, मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

गौरतलब है कि बतौली क्षेत्र के कुछ लोगों के द्वारा शासकीय मद की भूमि का फर्जी पट्टा बनवा कर फर्जीवाड़ा करने की शिकायत शुक्रवार को भटको पंचायत के सैकड़ों ग्रामीणों ने थाना प्रभारी फरदी नंद कुजूर से की थी।

 इस मामले में जिन 8 लोगों के नाम दर्ज है, उनमें एक ही परिवार के 3 लोगों के अलावा अंबिकापुर के लोगों के भी कुछ नाम है। मामला 46 एकड़ जमीन के फर्जी पट्टा आवंटन का है। प्रारंभिक तौर में इसमें राजस्व विभाग बतौली में पदस्थ पटवारी की भी संलिप्तता हो सकती है।

मामले की सूचना खाद्य मंत्री को मिली थी। उन्होंने तत्काल बयान जारी कर इस मामले में जांच के लिए समिति गठित करने की जानकारी दी थी। खाद्य मंत्री ने सरगुजा कलेक्टर को सख्त जांच के आदेश दिए थे। 

इसी क्रम में तहसीलदार बतौली ईश्वर चंद्र यादव और अन्य लोगों की टीम आज बतौली क्षेत्र के भटको में पहुंचे थी। जांच टीम में दो आरआई और 4 पटवारी भी है। प्रारंभिक जांच के आधार पर 2021-22 के दस्तावेज की जांच की गई है।

 बताया गया कि राजस्व दस्तावेज में उल्लेखित खसरा नंबर के आगे आरोपियों का नाम दर्ज नहीं है, हालांकि ऑनलाइन आधार पर उक्त खसरा नंबर पर आईडी से छेड़छाड़ कर आरोपियों के नाम अवश्य दर्शित हो रहे हैं, जिसके आधार पर अन्य दस्तावेजों की जांच में एक आरोपी के नाम से आठ लाख का धान बिक्री भी दर्शित हो रहा है।

आशंका व्यक्त की जा रही है कि मूल रूप से मामला धान बिक्री का रहा होगा, शुरुआती दौर में यह मामला सिर्फ धान बिक्री तक का रहता और बाद में किसी तरह की आपत्ति न होने पर  उक्त जमीन पर आरोपियों का कब्जा भी हो सकता था। 

फिलहाल, जांच टीम सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। जल्द ही रिपोर्ट आने के बाद पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा। मौके पर आज काफी संख्या में ग्रामीणजन भी उपस्थित थे। काफी आपाधापी के बीच जांच टीम ने अपनी जांच प्रक्रिया संपन्न की है। इस मौके पर भटको की जनपद सदस्य लीलावती भी उपस्थित रहीं।

जांच करने पहुंची टीम में तहसीलदर ईश्वर चंद यादव के अलावा राजस्व निरीक्षक शिवपूजन तिवारी और धर्मेंद्र दुबे व पटवारी श्वेता कुजूर, प्रतिभा तिर्की, मुन्ना सिंह और बुद्धेश्वर शामिल थे।

वैध दस्तावेज न होने पर पट्टा निरस्तीकरण की कार्रवाई भी की जाएगी-तहसीलदार
उक्त मामले को लेकर तहसीलदार ईश्वर चंद यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच प्रक्रिया संपन्न हुई है। एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट आ जाएगी। आरोपियों के नाम नोटिस भेजा जाएगा, जो भी दस्तावेज जमा किए जाएंगे, उनकी भी जांच की जाएगी। वैध दस्तावेज न होने पर पट्टा निरस्तीकरण की कार्रवाई भी की जाएगी।


अन्य पोस्ट