सरगुजा

गुंटूर लाल मिर्च के पैदावार की संभावनाओं पर चर्चा
16-Apr-2023 8:24 PM
गुंटूर लाल मिर्च के पैदावार की संभावनाओं पर चर्चा

सरगुजा क्षेत्र के उन्नतशील किसानों की कार्यशाला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
अंबिकापुर,16 अप्रैल।
प्रगतिशील कृषि के लिए अंचल में विख्यात करजी कृषि फार्म ने रविवार को करजी कृषि फार्म हाउस में सरगुजा क्षेत्र के उन्नतशील किसानों की एक कार्यशाला आयोजित हुई। कृषि क्षेत्र के विशेषज्ञों की मौजूदगी में आयोजित इस कार्यशाला में सरगुजा के लिए एक भावी कैश क्रॉप गुंटूर मिर्च के पैदावार की संभावनाओं पर विशेष रूप से चर्चा की गई।
 
करजी कृषि फार्म ने अपने शोध के आधार पर कार्यशाला में यह जानकारी दी कि सरगुजा जिले का मौसम गुंटूर लाल मिर्च के उपज के लिये बेहद संभावनाओं वाला है। आंध्रप्रदेश का गुंंटूर जिला सूखी लाल मिर्च की खेती के लिए प्रसिद्ध है। सरगुजा संभाग में खरीफ के मौसम में जो अपलैण्ड मकई के फसल के लिये उपयोग आते हैं वहां पर बिना ड्रिप और बिना मंचिंग के इस लाला मिर्च की खेती सफलता पूर्वक की जा सकती है।

फर्म संचालक नितेश गुप्ता ने जानकारी दी है कि एक एकड़ में करीब 12 हजार लाल मिर्च के पौधों का रोपण किया जा सकता है, जिससे न्यूनतम ढाई से चार टन तक की उपज प्राप्त हो सकती है। गुंटूर सूखी लाल मिर्च की विभिन्न किस्मों का बाजार मूल्य 200/रु से लेकर 700/रु प्रति किलो है। यदि किसान इस फसल को अपनाते हैं तो ये खेती उन्हें मालामाल कर सकती है। सरगुजा संभाग में हजारों एकड़ का अपलैण्ड रकबा मकई की खेती में प्रयुक्त हो रहा है। इस भू-भाग में बिना किसी विशेष व्यवस्था के बरसाती पानी के सहारे लाल मिर्च की खेती हो सकती है। 

कार्यशाला में जानकारी दी गयी कि सरगुजा में 15 जून से लेकर 10 जुलाई तक का समय गुंटूर लाल मिर्च के पौधरोपण के लिये उपयुक्त है। इस मिर्च का रकबा बढऩे एवं व्यापक उपत्पादन होने पर भविष्य में मिर्च से संबंधित सहायक उद्योगों के विकास की भी संभावना जताई गयी है। करजी कृषि फार्म में आयोजित इस कार्यशाला में सरगुजा क्षेत्र में अन्य कैश क्रॉप की संभावनाओं पर भी किसानो को जानकारी दी गई। इनमें ग्रॉफ्टेड शिमला मिर्च, ग्राफ्टेड बैगन, खीरा, टमाटर आदि के उत्पादन से संबंधित नवीनतम तकनीकी को भी साझा किया गया। 

इस कार्यशाला कई कृषि विशेषज्ञ शामिल होकर किसानों को खेती के नवीन तकनीक एवं नये फसल किस्मों की जानकारी दिये। इनमें सिंजेंटा इंडिया लिमिटेड के जनक पटेल, सोनू सिंह, एरीज इंडिया के वी पी देवेन्द्र तिवारी, निलेश त्रिपाठी, पवन शर्मा, पान सीड इंडिया के आर एम  विकास पाण्डेय, वी एन आर के मैनेजर प्रियांशु, नामधारी सीड्स के संदीप आदि शामिल हैं। 

कार्यक्रम में सरगुजा क्षेत्र के अनेक प्रगतिशील किसान शामिल हुए, जिनमें ताराचंद गुप्ता, राकेश गुप्ता,  मानसून गुप्ता, मो. मुन्ना खान, नीलम शर्मा, हरसाय, सुरेन्द्र सिंह, विनोद गुप्ता, सुरजा गुप्ता, दुर्गा गुप्ता, रामगोपाल राजवाडे, कमलेश गुप्ता, अवधेश यादव, बालकृष्ण यादव, शकील अंसारी, देवेन्द्र मिश्रा सम्मलित है।

टमाटर के रवि फसल पर जोर
करजी कृषि फार्म के संचालक नितेश गुप्ता ने जानकारी दी कि आगामी वर्ष में सरगुजा में टमाटर के रवि फसल का रकबा बढने की संभावना है। उन्होंने जानकारी दी कि जनवरी के बाद बडे रकबे में टमाटर के रवि फसल के पौधरोपण की संभावना है। जिसका उत्पादन मई से प्रारंभ हो जायेगा। अभी क्षेत्र में टमाटर के खरीफ फसल की बुआई होती है। रवि फसल के बुआई के बाद लगभग सालभर क्षेत्र में टमाटर की पैदावार उपलब्ध रहेगी।


अन्य पोस्ट