सरगुजा

प्लेसमेंट कर्मियों ने रैली निकाल मांगों को लेकर की आवाज बुलंद
12-Apr-2023 9:21 PM
प्लेसमेंट कर्मियों ने रैली निकाल मांगों  को लेकर की आवाज बुलंद

समायोजन व नियमितीकरण की है मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
अंबिकापुर,12 अप्रैल।
समस्त नगरीय निकायों से प्लेसमेंट, ठेका प्रथा को समाप्त कर प्लेसमेंट कर्मचारियों को नगरीय निकायों में समायोजन करने व नगरीय निकायों में कार्यरत प्लेसमेंट कर्मचारियों को नियमित कर नियमितीकरण तक 62 वर्ष की आयु तक नौकरी की सुरक्षा प्रदान किए जाने की मांग को लेकर बुधवार को छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय प्लेसमेंट कर्मचारी महासंघ के द्वारा रैली निकालते हुए ज्ञापन सौंपा गया है।

ज्ञापन के जरिए प्लेसमेंट कर्मचारी महासंघ ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने अपने जन घोषणा-पत्र के बिंदु क्रमांक 11 एवं 30 में अनियमित, संविदा एवं दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को नियमित करने, छटनी न करने तथा आउट सोर्सिग / ठेका प्रथा बंद करने का वचन दिया है। अनियमित संगठन के मंच से 14 फरवरी वर्ष 2019  को मुख्यमंत्री ने स्वयं वचन दिए कि इस वर्ष किसानों का आगामी वर्ष कर्मचारियों का होगा। परन्तु अद्यतन लगभग 4 वर्ष होने को है प्रदेश के प्लेसमेंट / ठेका कर्मचारी आज तक प्लेसमेंट कर्मचारी ही है। वादा के विपरीत कांग्रेस की सरकार ने नगरीय निकायों के प्लेसमेंट कर्मचारियों को नियमितीकरण नहीं किया।

अद्यतन वर्तमान सरकार ने नगरीय निकायों के प्लेसमेंट कर्मचारियों के लिए कुछ नहीं किया। सरकार द्वारा नगरीय निकायों के प्लेसमेंट कर्मचारियों के अनदेखी से प्रदेश के समस्त नगरीय निकायों के कर्मचारी क्षुब्ध है। महासंघ ने ज्ञापन में अपनी मांगों के संबंध में कहा कि समस्त नगरीय निकायों से प्लेसमेंट / ठेका प्रथा को समाप्त कर प्लेसमेंट कर्मचारियों को नगरीय निकायों में समायोजन किया जाए।नगरीय निकायों में कार्यरत प्लेसमेंट कर्मचारियों को नियमित किया जावे तथा नियमितीकरण तक 62 वर्ष की आयु तक नौकरी की सुरक्षा प्रदान की जाए। नगरीय निकायों में कार्यरत किसी भी प्लेसमेंट कर्मी को सेवा से पृथक न किया जाए।

भाजपा नेताओं ने दिया समर्थन
नगर निगम के प्लेसमेंट कर्मचारियों के हड़ताल व उनकी मांगों को लेकर नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष प्रबोध मिंज सहित अन्य भाजपा नेताओं ने प्रदर्शन स्थल पर पहुंचकर हड़ताल का समर्थन दिया।नेता प्रतिपक्ष प्रबोध  ने कहा कि कर्मचारियों की मांग जायज है,सरकार ने भी वादा किया था उनकी मांग को तत्काल पूरा करना चाहिए।

प्रशासन ने टेंट उखड़ा तो कर्मचारियों ने प्रदर्शन स्थल बदला
नगर निगम के प्लेसमेंट कर्मचारियों ने प्रशासन से तीन दिवसीय हड़ताल के लिए गांधी चौक स्थित डाटा सेंटर के सामने हड़ताल करने के लिए परमिशन मांगा था।

प्रशासन द्वारा डाटा सेंटर के पास धरना प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं दी गई थी,इसके बावजूद प्लेसमेंट कर्मचारियों वहां 2 दिन से प्रदर्शन कर रहे थे। मंगलवार की शाम प्रशासन को इसकी खबर लगी तो वह टेंट पंडाल उखाड़ दिए और अनयत्र जगह धरना प्रदर्शन करने की बात कही,जिसके बाद प्लेसमेंट कर्मचारियों ने धरना स्थल एसबीआई बैंक कलेक्ट्रेट ब्रांच के सामने अपना पंडाल गाड़ा और बुधवार को धरना प्रदर्शन कर रैली निकाला।


अन्य पोस्ट