सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,12 अप्रैल। स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी विद्यालय केशवपुर में शिक्षा सत्र 2023-24 में प्रवेश प्रारंभ हुए मात्र दो दिवस हुए हैं पर प्रवेश के लिए भारी भीड़ उमड़ रही है।
संस्था के प्राचार्य संतोष साहू ने बताया कि प्रवेश प्रारम्भ हुवे मात्र दो दिवस में कुल 170 आवेदन ऑफलाइन मोड पर तथा 30 आवेदन ऑनलाइन मोड से अभिभावकों से लिया गया है, जिसमें से पूर्ण कर जमा फॉर्म की संख्या 70 है। जबकि प्रवेश की प्रक्रिया 10 अप्रैल से 5 मई तक चलनी है। आवेदन की स्थिति को देखकर प्रतीत हो रहा है कि शासन के नियमानुसार सभी प्रकार की सीट में लॉटरी द्वारा चयन प्रक्रिया का पालन करना पड़ेगा।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की घोषणा अनुसार महतारी दुलार योजना अंतर्गत बच्चों को प्राथमिकता दी जाएगी तथा नियमानुसार छात्राओं एवं गरीबी रेखा सर्वे सूची में शामिल अभिभावकों के बच्चों को भी आरक्षित सीट पर लाभ दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि पहली कक्षा में प्रवेश लेने वाले बच्चों की उम्र 31 मई 2023 को 5 वर्ष 6 माह से अधिक और 6 वर्ष छह माह से कम होनी जरूरी है।
श्री साहू ने अभिभावकों से अपील की है कि जब वे प्रवेश हेतु आए तो पहली कक्षा में प्रवेश हेतु बच्चों का आधार कार्ड एवं जन्म प्रमाण पत्र तथा शेष कक्षाओं में प्रवेश हेतु पिछली कक्षा का मार्कशीट लेकर अवश्य आएं। उन्होंने बताया कि कक्षा 11वीं और 12वीं में कुल 20 सीट जीवविज्ञान तथा 20 सीट गणित संकाय हेतु आवंटित है और यह विद्यालय छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा विनियमित है। प्रवेश आवेदन पत्र लेने हेतु उपस्थित अभिभावकों से पूछने पर उन्होंने बताया कि इस स्कूल में शिक्षा नि:शुल्क है तथा शिक्षा का स्तर भी बढिय़ा है। अत: हम अपने बच्चों को यहां प्रवेश दिलाने आए हैं। जिले के विभिन्न आत्मानंद इंग्लिश स्कूल में प्रवेश प्रक्रिया हेतु उमडी भीड़ छत्तीसगढ़ शासन की योजना के सफलता का प्रमाण है। संस्था के प्राचार्य श्री साहू ने प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन करने वाले अभिभावकों से निवेदन किया है कि वे ऑनलाइन आवेदन करने के पश्चात उसकी हार्ड कॉपी आवश्यक दस्तावेजों के साथ संस्था में 5 मई से पहले जमा करेंगे। प्रत्येक कक्षा में निर्धारित सीटों से अधिक आवेदन प्राप्त होने की स्थिति में विद्यार्थियों का चयन शासन के नियमानुसार लॉटरी से किया जाएगा लॉटरी द्वारा चयन तिथि की सूचना पृथक से समाचार पत्र व अन्य माध्यम से दी जाएगी।