सरगुजा
स्वच्छता संबधी चर्चा के लिए वार्ड सभा का आयोजन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 12 अप्रैल। नगर निगम के वार्ड क्रमांक 3,4,5 के निवासियों के साथ स्वच्छता संबधी चर्चा के लिए अटल आवास गांधीनगर उद्यान में वार्ड सभा आयोजित की गई। सभा में स्वच्छता प्रश्नोत्तरी, रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
वार्ड सभा में सर्वप्रथम आयुक्त ने नगर स्वच्छता के महत्व एवम नागरिकों की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में विस्तार से बताया, साथ ही अपील की कि आप सभी के सहयोग से हमेशा अंबिकापुर स्वच्छता में उत्कृष्ठ प्रदर्शन कर रहा है। इस भावना को हमेशा बनाए रखना और स्वच्छता दीदियों को सहयोग करना, वार्ड में सफाई बनाए रखना है।
वार्ड पार्षद मंजूषा भगत द्वारा वार्डवासियों से यूजर चार्ज नियमित भुगतान करने की अपील की गई, एमआईसी सदस्य द्वितेंद्र मिश्रा द्वारा अंबिकापुर के स्वच्छता में सहयोग हेतु अपील की गई, प्लास्टिक कैरी बैग के स्थान पर झोला का प्रयोग करने हेतु आग्रह किया गया।
महापौर डॉ. अजय तिर्की ने बताया कि कभी इस वार्ड में लोग शाम के बाद नहीं आते थे, आज ये वार्ड स्वच्छ साफ सुथरा, सुंदर उद्यान, सार्वजनिक शौचालय युक्त है। वार्ड के नागरिक हमेशा स्वच्छता में सहयोग करते हैं।
वार्ड सभा में वार्ड में उत्कृष्ट सहयोग करने वाले 5 नागरिकों को सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले 5 बच्चों को पुरस्कार वितरण किया गया, साथ ही जो पूर्व में सहयोग नहीं करते थे, उन्हें समझाया गया और स्वच्छता शपथ दिलाई गई। वार्ड में स्वच्छता दूत के रूप में दो तृतीय लिंग समुदाय के तमन्ना और मीरा को नियुक्त किया गया।
कार्यक्रम के समाप्ति पर वार्ड के एक दीवार को नागरिक सहभागिता दीवार के रूप में सभी ने हस्त चिन्ह लगाकर स्वच्छता शपथ ली गई। इस वार्ड सभा में स्वच्छता दीदी सहित वार्ड के नागरिकगण उपस्थित रहे।