सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,7 जनवरी।सरगुजा जिले के मैनपाट में बीती रात सडक़ किनारे पडे एक व्यक्ति की ठंड से मौत हो गई, वही एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार जानकारी के अनुसार, मैनपाट अंतर्गत करम्हा गांव के बनवारी राम (50) और उदयपुर निवासी भोलू राम (32) अपने एक अन्य साथी के साथ शुक्रवार को मैनपाट में सेंट्रल बैंक पहुंचे थे। वहां से पैसे निकालने के बाद तीनों ने मैनपाट में जमकर शराब पी। भोलू राम का करम्हा में ससुराल है। वह अपनी ससुराल आया था और अन्य लोगों के साथ मैनपाट पहुंचा था।
सरगुजा में मनाए जा रहे छेरता त्योहार के कारण महुआ शराब उन्हें आसानी से उपलब्ध हो गई। तीनों शराब पीने के बाद मैनपाट-अंबिकापुर मुख्य मार्ग पर आए। रोपाखार पेट्रोल पंप के पास बनवारी राम और भोलू राम दोनों सडक़ किनारे खुले में सो गए।
लोगों ने सुबह दो लोगों को सडक़ किनारे पड़ा देखा। जब वो लोग पास पहुंचे तो भोलू की गंभीर हालत थी। वह ठंड से कांप रहा था। वहीं बनवारी की मौत हो चुकी थी। सूचना पर कमलेश्वरपुर थाना प्रभारी पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से भोलू राम को अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर बताई गई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर अवस्था में मेडिकल कालेज अस्पताल रेफर कर दिया गया है। चिकित्सक ने बताया कि वह हाइपोथर्मिया का शिकार हो गया है। ग्रामीण की मौत भी हाइपोथर्मिया के कारण हुई है। हालांकि दोनों ने गर्म कपड़े पहने थे, लेकिन ठंड में वो कपड़े अपर्याप्त थे।


