सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 4 जनवरी। सेवा परमो धर्म की सोच पर काम कर रहे सामाजिक संगठन सीनियर सिटीजन फोरम फॉर सिविल राइट्स अंबिकापुर निरंतर जरूरतमंद लोगों की आवश्यकताओं की पूर्ति करने हमेशा प्रयासरत रहा है। चाहे अंबिकापुर मुक्तिधाम का रख-रखाव हो, जिला अस्पताल में अभी लगातार प्रत्येक हफ्ता जाकर मरीजों को गरम कपड़े एवं टोपे का वितरण व स्कूल, छात्रावास में जरूरत की वस्तुओं का उपलब्ध कराना हो निरंतर विगत कई वर्षों से प्रयासशील है।
इसी कड़ी में नव वर्ष के प्रथम मंगलवार 3 जनवरी को फोरम की टीम कैलाश गुफा के बीहड़ क्षेत्र में जाकर कोरवा-पंडो जनजाति के सैकड़ों लोगों को कंबल, शाल, साड़ी , टोपा एवं ब्रेड-बिस्किट सीनियर सिटीजन के पदाधिकारियों ने दिया। इस अवसर पर सभी वरिष्ठजनों का सम्मान एवं आस-पास के प्रमुखजनों का शाल-माला पहनाकर सम्मान किया गया।
अध्यक्ष विष्णु प्रताप अग्रवाल ने अपने विचार साझा कर कहा कि हमारे फोरम का एक ही उद्देश्य रहा है कि मानव सेवा ही माधव सेवा है, इससे आत्मसंतुष्टि मिलती है और इसी से प्रेरणा पाकर हमारे सभी साथी निरन्तर सक्रिय हैं। उपस्थित सभी जनजाति के भाइयों-बहनों को पढ़ लिख कर शिक्षित होने एवं शासकीय योजनाओं का लाभ लेने हेतु आह्वान कर सभी को धन्यवाद दिया गया। फोरम के उपाध्यक्ष जगदीश केडिया ने फोरम के सभी वरिष्ठजनों का आभार व्यक्त किया।
मीडिया प्रभारी कृष्ण कुमार अग्रवाल ने मीडिया को फोरम की समूची गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि फोरम के उद्देश्य ही सेवा है और पहुंचविहीन क्षेत्र के जरूरतमंदों तक दैनिक आवश्यकता की सामग्री पहुंचाकर फोरम के सभी सदस्य अपने को धन्य मानते हैं। उन्होंने कहा कि अपने अध्यक्ष विष्णु अग्रवाल की अगुवाई में हम निरन्तर ऐसी ही सेवा करते रहेंगे।
वहां की समुचित व्यवस्था प्रवीण गर्ग बतौली वालों के द्वारा किया गया। मौके पर फोरम के संरक्षक, कोषाध्यक्ष एवं भारी मात्रा में फोरम के पदाधिकारी सपत्नीक कैलाश पति शंकर की गुफा, शिव-लिंग एवं सूंदर जल-प्रपात के दर्शन कर और परम पूज्य गुरुदेव एवं सनातन धर्म के रक्षक स्व.गहिरा गुरु को याद किया एवं अंत में हजारों जन समूह एवं फोरम परिवार के लोगो ने क्षेत्रशांति,विश्वशांति एवं सद्भाव हेतु शांति पाठ किया। उपस्थित जन समुदाय के व्यक्ति ने फोरम के इस कार्य की प्रशंसा करते हुए फोरम के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।


