सरगुजा

कलेक्टर-एसपी ने अंदरूनी क्षेत्र के धान खरीदी केन्द्रों का किया आकस्मिक निरीक्षण
21-Dec-2022 8:38 PM
कलेक्टर-एसपी ने अंदरूनी क्षेत्र के धान खरीदी केन्द्रों का किया आकस्मिक निरीक्षण

   लघु व सीमांत किसानों को प्राथमिकता से टोकन जारी करने के निर्देश  

किसानों को बैंक शाखाओं में दिए जाएंगे एटीएम
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
अम्बिकापुर, 21 दिसम्बर।
कलेक्टर कुन्दन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने बुधवार को बतौली जनपद के अंदरूनी क्षेत्र के धान खरीदी केंद्र बटईकेला, बिलासपुर तथा लुण्ड्रा विकासखण्ड के बटवाही केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने इस माहान्त तक सभी पंजीकृत लघु व सीमांत किसानों से धान खरीदी पूरा करने के लिए प्राथमिकता से टोकन जारी करने तथा किसानों से धूल-मिट्टी रहित साफ-सुथरा धान खरीदी के निर्देश दिए। 

उन्होंने किसानों की मांग पर जिला सहकारी बैंक का एटीएम शाखा में ही वितरित करने के निर्देश बैक मुख्य कार्यपालन अधिकारी को दिए। किसानों ने धान खरीदी केन्द्रों में आसानी से धान बेचने व किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होना बताया।

कलेक्टर ने धान खरीदी केन्द्रों के निरीक्षण के दौरान धान का वजन तथा नमी की जांच कराई। उन्होंने सभी खरीदी केन्द्रों में डिजिटल नमी मापक यंत्र की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही खरीदी केन्द्रों से धान के उठाव में भी तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने समिति प्रबंधकों को पारदर्शीपूर्ण धान खरीदी करने तथा किसी भी स्थिति में बिचौलियों को खरीदी केन्द्र में प्रवेश न करने कहा गया। कलेक्टर ने किसानों से बातचीत करते हुए कहा कि धान बेचने पश्चात एवं अन्य खेती के काम न हों तो मनरेगा में अधिक से अधिक संख्या में काम करें। अब गांव-गांव में मनरेगा के काम शुरू हो गए हैं।

बताया गया कि बटईकेला में 1042 पंजीकृत किसानों में से 744 लघु किसान हैं। अब तक 350 किसानों ने 16161 क्विंटल धान बेचा है। बिलासपुर खरीदी केन्द्र में 1318 पंजीकृत किसानों में से 392 ने धान बेचा है। इसी प्रकार बटवाही खरीदी केन्द्र में 1217 पंजीकृत किसानें में से 340 ने धान बेचा है।

इस दौरान जनपद उपाध्यक्ष  त्रिलोकी सिंह,एसडीएम  आरएस ठाकुर,रवि राही ,जिला विपणन अधिकारी अरूण कुमार विश्वकर्मा सहित तहसीलदार, जनपद सीईओ एवं अन्य अधिकारी मौजूद थे।


अन्य पोस्ट