सरगुजा
पहले प्रशासनिक दौरे में जशपुर पहुंचे आईजी ने झारखंड सीमावर्ती थानों का किया निरीक्षण
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
अंबिकापुर, 16 दिसंबर। सरगुजा रेंज आईजी रामगोपाल गर्ग ने जशपुर जिले के पहले प्रशासनिक दौरे में ढ़ीली पुलिसिंग से खफा होकर अंतर्राज्यीय चेकपोस्ट के एएसआई को लापरवाही बरतने पर निलंबित कर दिया। आईजी के दौरे में जशपुर एसपी डी. रविशंकर भी मौजूद थे। इसके पश्चात उन्होंने झारखंड राज्य के सीमावर्ती गांवों का भ्रमण कर क्षेत्रीय पुलिस चौकी और थाना का रूख किया। आईजी ने थानों में पहुंचकर रोजनामचा, मालखाना, बंदीगृह और शास्त्रागार का बारीकी से अवलोकन किया।
.jpeg )
सरगुजा रेंज का प्रभार सम्हालने के बाद पहली बार जशपुर जिले में पहुंचे आईजी गर्ग ने सबसे पहले अंतर्राज्यीय चेकपोस्ट चौकी लोदाम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने चौकी प्रभारी एएसआई आभास मिंज से चौकी की व्यवस्था के संबंध में सवाल पूछे।
संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने सीधे एएसआई को निलंबन का फरमान सुना दिया। साथ ही आईजी ने सभी पुलिसकर्मियों को सख्त निर्देश देते कार्य में कोताही बरतने पर कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी दी। इसके बाद आईजी झारखंड राज्य से सटे सीमावर्ती ग्राम मांझाटोली, कोंदरा व मोकरा का भ्रमण किया। तत्पश्चात आईजी पुलिस चौकी आरा, थाना नारायणपुर और कुनकुरी का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान आईजी ने थानों में जरायम रजिस्टार समेत अन्य व्यवस्थागत विषयों पर जानकारी ली। आईजी ने अपने दौरे में पुलिस महकमे के शीर्ष अफसरों और कर्मियों की समस्याएं भी सुनी और उनका निर्धारित समय पर निराकरण करने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
आईजी ने अंतर्राज्यीय सीमा शंख लोदाम में धान परिवहन के संबंध में भी पुलिस की मुस्तैदी की भूमिका को परखा। आईजी के पहले दौरे के कारण जशपुर जिले का पुलिस महकमा अलर्ट रहा। एसपी और अन्य अफसरों से आईजी ने विभागीय मुद्दों पर जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने एक बैठक कर आला अफसरों को सख्त पुलिसिंग के संबंध में टिप्स दिए।


