सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर,17 नवंबर। जिला पंचायत उपाध्यक्ष आदित्येश्वर शरण सिंहदेव ने अपने जिला पंचायत निर्वाचन क्षेत्र के ग्राम सुखरी के धान खरीदी केन्द्र में नये सत्र के धान खरीदी का शुभारंभ किया।
अपने निर्वाचन क्षेत्र के सघन दौरा कार्यक्रम के दौरान उन्होंने सुखरी के धान खरीदी केन्द्र में 6 किसानों से धान प्राप्त कर खरीदी की शुरुआत की। ग्राम मेंन्ड्रा से लेकर सुखरी तक विभिन्न धान खरीदी केन्द्रों का निरिक्षण के साथ ही किसानों से मुलाकात कर वे उनकी समस्याओं से अवगत हुए एवं संबंधित अधिकारियों से त्वरित चर्चा कर उसके निदान का प्रयास किया।
उन्होंने निर्माणाधीन प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का भी अवलोकन किया एवं निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया। स्थानीय ग्रामीणों की मांग पर सुखरी-हर्राटिकरा मार्ग नवीनीकरण के लिये मुख्य सचिव स्तर पर चर्चा की गई व उन्हें यह जानकारी दी गई कि शीघ्र ही नयी सडक़ का निर्माण प्रारंभ हो जाएगा।
निर्वाचन क्षेत्र के दौरे के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश गुप्ता, ब्लॉक कांग्रेस ग्रामीण के अध्यक्ष विनय शर्मा, मुनेश्वर राजवाड़े एवं काफी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीण शामिल हुए।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष ने अपने सुखरी दौरे के दौरान गांव में करीब 53 लाख रुपय की लागत से नये हाट-बजार के निर्माण की घोषणा की है। उन्होंने जानकारी दी कि स्वास्थय मंत्री टीएस सिंहदेव की पहल पर पूरे अम्बिकापुर विधानसभा में कुल 11 हाट बाजारों की स्वीकृति हुई है इनमें सुखरी भी शामिल है।
सुखरी के अलावा गुमगराकला, लटोरी, निम्हा, लहपटरा, डांडगांव, उदयपुर, सलका, तोलगा, डिगमा और लब्जी में भी नये हाट बजार की स्थापना होगी। साथ ही उनहेंने जानकारी दी कि विभन्न ग्रामीण क्ष्ेात्रों में करीब 2 करोड की लागत से सीसीरोड का निर्माण भी किया जाएगा।
सुखरी सहित 22 ग्रामीण क्षेत्रों में किसान कुटिर
ग्राम सुखरी में किसानों से चर्चा के दौरान श्री आदित्येश्वर शरण सिंहदेव ने बताया कि स्वास्थय मंत्री टीएस सिंहदेव की पहल पर ग्राम सुखरी, लखनपुर, अमेरा, कुन्नी, चाांदो, उदयपुर, सलका, डांडगांव, खम्हरिया, केदमा, जमगला, निम्हा, अमलभिट्टी, नमना, खैरबार, करजी, बटवाही, डूमरडीह, बरगीडीह, कर्रा, मेण्ड्राकला, दरिमा में किसान कुटिर की स्थापना की जाएगी। इसके लिए लगभग 290 लाख रुपये के निर्माण कार्य का निविदा जारी हो गया है। कार्य शीघ्र पूरा किया जाएगा।


