सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उदयपुर, 15 नवंबर। नगर के युवा व्यवसायी की लाश मंगलवार की सुबह घर के बगल में स्थित सूने मकान के मयार में फांसी पर झूलते मिली। व्यवसायी द्वारा सोमवार की रात को अज्ञात कारणों से फांसी लगाकर आत्महत्या की आशंका है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों से प्राप्त जानकारी के अनुसार मोसद्दिक हुसैन नगर में टेलरिंग का काम काफी लंबे समय से करता आ रहा था। सोमवार को अंबिकापुर कोर्ट से पेशी से रात को 8 बजे घर पहुंचा था। सुबह घर के लोग उठकर देखे तो मोसद्दिक हुसैन घर पर नहीं था। उसकी खोजबीन आसपास की गई. मृतक का लडक़ा अपने पिता की खोज करने अपने दुकान सुबह गया, वहां पर भी वे नहीं थे।
मृतक की पत्नी और साली ने घर के बगल के सूने मकान को देखा तो उसके मयार पर फांसी पर उसका शव झूलते नजर आया। शव को देखकर परिजनों में चीख पुकार मच गई।
घटना की जानकारी आसपड़ोस के लोगों को दी गई तथा पुलिस को भी घटना की सूचना दी गई। मौके पर सहायक उप निरीक्षक रविंद्र प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे तथा शव को फांसी पर से उतरवाकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम करवाकर शव को परिजनों को सौंप दिया गया। आत्महत्या किन कारणों से की गई है, इसकी जांच उदयपुर पुलिस कर रही है।


