सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,14 सितंबर। मणिपुर चौकी क्षेत्र के मठपारा स्थित अंदरूनी क्षेत्र में बीती रात अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर कृषि विकास अधिकारी के सूने मकान में चोरी की। घर से सोने-चांदी के जेवर और 30 हजार रुपए नगद की चोरी की गई है। घरवालों के अनुसार लगभग तीन लाख की चोरी हुई है।
सूचना पर आज मणिपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची थी। घर वालों ने कुछ व्यक्तियों पर संदेह भी जताया है। साथ ही बीती रात 11 बजे कुछ मोटरसाइकिल सवार युवकों पर भी संदेह जताया गया है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार मठपारा निवासी जशपुर में कृषि विकास अधिकारी के पद पर पदस्थ सोहन भगत मंगलवार की शाम 5 बजे अस्पताल गए थे, परिवार के अन्य सदस्य बाजार गए थे। इसी दौरान चोर उनके सूने मकान में घुसे और सोने की दो अंगूठी, एक कंगन, कान के झुमके, चांदी की तीन पायल, मोबाइल, दो पेनड्राइव, 30,000 रुपए नगद के साथ-साथ जमीन के कुछ कागजात चोरी कर लिए।
रात 11 बजे जब परिवार के लोग घर पहुंचे तो घर का ताला टूटा हुआ था, अंदर का पूरा सामान बिखरा पड़ा था। रात को ही पुलिस की 112 वाहन को फोन किया गया। सूचना पर रात को ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। आज सुबह मणिपुर पुलिस ने मौके का जायजा लिया। मामले में पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश कर रही है।
रात को ही दिखे कई बाइक सवार, घर में भी घुसे
मठपारा के जिस क्षेत्र में कृषि विकास अधिकारी का घर है, वह क्षेत्र काफी सूनसान इलाके में है। रात 11 बजे जब परिवार के लोग घर आ रहे थे, उसी वक्त घर के पहले मोड़ पर 4-5 बाइक सवार दिखाई दिए। पीडि़त परिवार की महिला का कहना है कि रात को 112 वाहन के जाने के बाद दीवार फांद कर एक युवक घुसा था। जिसे देखकर घर का कुत्ता काफी भौंक रहा था। परिवार के लोगों ने पुन: 112 वाहन को फोन किया। जब तक वाहन पहुंची, तब तक युवक वहां से फरार हो चुका था।


