सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 2 सितंबर। महान खिलाड़ी हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की स्मृति में विवेकानंद वॉर्ड क्रमांक. 34 में राजीव मितान क्लब के अध्यक्ष व सरगुजा सोशल मीडिया के संभागीय अध्यक्ष निखिल विश्वकर्मा द्वारा मोहल्ले के बच्चों के लिए जलेबी दौड़, कुर्सी दौड़ ,चम्मच दौड़ , खो खो का आयोजन किया गया। खेल में भाग लेने वाले सभी नन्हें खिलाडिय़ों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
सभी वर्गों के विजेता प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि प्रदेश उपाध्यक्ष महिला कांग्रेस मधु दीक्षित एवं जिला काँग्रेस उपाध्यक्ष मो. इस्लाम खान, वार्ड के वरिष्ठ नागरिक अरुण विश्वकर्मा एवं जोन प्रभारी संजय विश्वकर्मा, विधायक प्रतिनिधि मदन जायसवाल, खेल अधिकारी देवेंद्र सिन्हा व सहायक संचालक खेल विभाग रामकुमार सिंह द्वारा नन्हें विजेता खिलाडिय़ों को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। इसके उपरांत छोटे-छोटे बच्चों के खेल के प्रति उत्साह को देखकर अतिथिगणों ने प्रशंसा की तथा आने वाले समय में इस प्रकार की गतिविधियां निरन्तर करने की बात कही।
समस्त खिलाडिय़ों को क्रम से पुरस्कार वितरण किया गया, भाग लेने वाले समस्त प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
पुरस्कार वितरण व कार्यक्रम का संचालन राजीव मितान क्लब की उपाध्यक्ष नयनतारा विश्वकर्मा ने माँ सरस्वती की प्रतिमा में दीप प्रज्वलित कर शुरुआत की एवं समस्त अतिथियों का अभिनंदन किया।


