सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 8 जून। सरगंवा पैलेस में बन रहे मेसर्स महेश्वर रिद्धी सिद्धी वैली रिसॉर्ट मैरिज हाउस का निर्माण कार्य का काम कर रहे ठेकेदारों के खिलाफ धोखाधड़ी करते हुए पौने दो करोड़ की राशि गबन का आरोप लगाते हुए फर्म के भागीदार विंधेश्वर शरण सिंहदेव ने इसकी शिकायत गांधीनगर थाने में की है। जिस पर पुलिस ने तीन लोगों पर अपराध दर्ज कर लिया है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार आवेदक विंधेश्वर शरण सिंहदेव द्वारा मेसर्स महेश्वर रिद्धी सिद्धी वैली का भागीदार है। मेसर्स महेश्वर रिद्धी सिद्धी वैली द्वारा रिसॉर्ट मेरिज हाउस का निर्माण किया जा रहा है। आवेदक के अनुसार राहुल शर्मा निवासी स्मृतिनगर, भिलाई, जिला दुर्ग (छ.ग.) के द्वारा आवेदक से संपर्क किया गया और बताया गया कि वह निर्माण इन्टीरियल एवं माल सप्लाई का अनुभवी ठेकेदार है और उसका विभिन्न अन्य सामग्री विक्रेताओं एवं सप्लायर से संपर्क है, जिससे वह कम दामों पर अच्छा सामान उपलब्ध करा सकता है। उसके द्वारा विश्वास दिलाया गया कि यदि काम उसे दिलाया गया तो वह उच्चतम क्वालिटी की सामग्री बाजार से डिस्काउंट दरों से दिलाएगा।
राहुल शर्मा द्वारा यह भी बताया गया कि वह फर्म राहुल इन्टरप्राईजेस का संचालक है और वह स्वयं अपने जिम्मेदारी पर अपनी निगरानी में सेनेटरी, हार्डवेयर प्लाई एवं अन्य सामग्री मंगवाकर निर्माण कराएगा। राहुल शर्मा की बातों में आकर व विश्वास करके उसके खाते में आवेदक ने ऑनलाईन माध्यम से लाखों रूपये हस्तांतरित कर दी। ऐसे ही आसनदास एण्ड सन्स एवं शंकर ग्लास नामक कंपनी को भी लाखों रूपये उसके खाते में दे दिये।
रूपये प्राप्ति के बाद माल का भुगतान प्राप्त हो जाने की बात कही गई थी, परन्तु पैसे प्राप्त करने के बाद भी न तो राहुल शर्मा द्वारा और न ही आसदास एण्ड संस एवं शंकर ग्लास द्वारा रकम के एवज में कोई सामग्री आवेदक के फर्म को प्रदान की गयी और न ही रकम वापस की गई।
बार-बार रकम मांगे जाने पर आसनदास एंड संस एवं शंकर ग्लास आसनदास एण्ड संस तथा शंकर ग्लास फर्म द्वारा कहा गया कि हम आपको नहीं जानते. भुगतान हमको राहुल शर्मा द्वारा कराया गया है, आप उनसे संपर्क करें। इस पर आवेदक ने राहुल शर्मा से पैसे वापस मांगे गए तो उसने रकम वापस करने की बात कहते हुए चेक दे दिया जो कि बैंक खाते में रकम न होने से अनादरित हो गये।
आवेदक का आरोप है कि राहुल शर्मा की पूर्व से ही मंशा बेईमानी एवं धोखाधड़ी करने की थी, उसके द्वारा फर्म से राशि भुगतान कराकर विनित रवानी आसनदास एण्ड संस एवं शंकर ग्लास फर्म के साथ मिलकर कुटरचित बिलों व वाऊचर बिना माल के तैयार किये गये।
आवेदक ने आरोपियों राहुल शर्मा, विनित रवानी, आसनदास एण्ड संस एवं शंकर ग्लास फर्म के खिलाफ 1 करोड़ 75 लाख रूपये (पौने दो करोड़ रूपये) का गबन एवं धोखाधड़ी का आरोप लगाया है और थाने में शिकायत की। जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।