सरगुजा

संघ जमीनी स्तर पर राष्ट्रप्रेम सिखाता है-प्रेम शंकर
06-Jun-2022 8:47 PM
संघ जमीनी स्तर पर राष्ट्रप्रेम सिखाता है-प्रेम शंकर

आरएसएस के संघ शिक्षा वर्ग के प्रथम वर्ष का समापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
अम्बिकापुर, 6 जून।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संघ शिक्षा वर्ग के प्रथम वर्ष का शनिवार को समापन हुआ। सरस्वती शिशु मंदिर महाविद्यालय सुभाष नगर में आयोजित हुए संघ शिक्षा वर्ग के दौरान यहां कार्यकर्ताओं को संघ की बुनियादी शिक्षा दी गई। इस दौरान राष्ट्रप्रेम के साथ ही राष्ट्रसेवा के बारे में बारीकी से कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया गया।

समापन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समन्वयक अखिल भारतीय कंवर समाज, महासचिव सर्व आदिवासी समाज छत्तीसगढ़ रामनाथ साय व मुख्य वक्ता के रूप में छत्तीसगढ़ के प्रांत प्रचारक प्रेम शंकर  विशेष रूप से मौजूद थे।

प्रेम शंकर ने कहा कि संघ जमीनी स्तर पर राष्ट्रप्रेम सिखाता है। संगठन की शक्ति बनाकर राष्ट्र के प्रति व्यक्ति किस तरह से समर्पित हो सकता है, ये राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से बेहतर और कोई नहीं सिखा सकता। 

उन्होंने कहा कि ये कतई जरूरी नहीं है कि संघ से जुडक़र व्यक्ति अपने परिवार से कट जाए, बल्कि अपने गृहस्थ का पालन करते हुए भी व्यक्ति संघ से जुडक़र राष्ट्र की सेवा में सहभागी बन सकता है।

वहीं रामनाथ साय ने भी सनातन धर्म को लेकर कई महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। इसके अलावा वर्गाधिकारी संघ शिक्षा वर्ग राजीव रंजन नंदे ने भी संबोधित किया व सर्व व्यवस्था प्रमुख भगवानदास बंसल द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया। 

इस दौरान कार्यकर्ताओं ने व्यायाम का प्रदर्शन भी किया। इस दौरान बड़ी संख्या में संघ कार्यकर्ता व राष्ट्रभक्त मौजूद थे।
 


अन्य पोस्ट