सरगुजा
अम्बिकापुर, 28 मई। पंडित सुंदरलाल शर्मा राजकीय पुरस्कार से सम्मानीत, शहर के वरिष्ठ साहित्यकार, भारतेंदु साहित्य समिति सरगुजा के अध्यक्ष जे.एन. मिश्र अब हमारे बीच नहीं रहे।
लगातार साहित्य सृजन में लगे रहने वाले जे.एन. मिश्र को न सिर्फ छत्तीसगढ़ शासन द्वारा पंडित सुंदरलाल शर्मा राजकीय साहित्य पुरस्कार मिला, बल्कि इनकी साहित्य के प्रति समर्पण को देखते हुए निराला मंच देवरिया, उत्तरप्रदेश द्वारा गीत पुरुष सम्मान, विमल साहित्य समिति मथुरा, उत्तरप्रदेश द्वारा सृजन सम्मान, जनतारस हिंदी साहित्य महासभा दिल्ली द्वारा साहित्य भूषण सम्मान सहित विभिन्न मंचों पर लगातार सम्मानित होते रहे। आपकी प्रमुख कृतियों में कविता संग्रह समय के द्वार से, मानसी, सद्भावना के स्वर, मुक्तक संग्रह अभिव्यक्ति, प्रबन्ध काव्य अहिल्या एवं ब्रम्हर्षि परशुराम आदि प्रमुख हैं।
5 फरवरी 1933 को इलाहाबाद के परानीपुर, उत्तरप्रदेश में जन्में जीवननाथ मिश्र ने एमए - इतिहास, अर्थशास्त्र, हिंदी की शिक्षा के साथ-साथ साहित्य रत्न से भी सम्मानित हुए।
व्याख्याता के रूप में आपने अपनी सेवा दी और फिर सेवानिवृत्ति के बाद अपना पूरा समय साहित्य को समर्पित कर दिया। सरगुजा के नव साहित्यकारों का सदैव मार्गदर्शन करते रहते थे। अम्बिकापुर में भारतेंदु साहित्य समिति के लिए भवन की स्थापना में भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। जीवननाथ मिश्र का 28 मई को प्रात: आठ बजे स्वर्गवास हो गया। श्री मिश्र छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव द्वितेंद्र मिश्र एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी अम्बिकापुर योगेश मिश्र के पिता हैं। अंतिम संस्कार सायं 4 बजे शंकर घाट में किया गया,जिसमें काफी संख्या में नगर के जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद थे।