सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंंबिकापुर, 28 मई। अंबिकापुर शहर का एक युवक ऑनलाइन गेम खेलकर पैसा कमाने के चक्कर में एक माह में करीब 10 लाख रुपए गंवा बैठा। युवक ने अपना बैंक खाता चेक किया तो उसके होश उड़ गए। मामले की शिकायत उसने पुलिस से की है। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कोतवाली पुलिस ने बताया कि अंबिकापुर डीसी रोड निवासी राकेश कुमार तिवारी 32 वर्ष मोबाइल पर ऑनलाइन गेम खेलने का शौकीन है। वह रुपए लगाकर आनलाइन गेम खेलता था। बीते 25 अप्रैल 2022 से 26 मई के बीच मोबाइल पर आए मैसेजेस और आनलाइन प्लेटफार्म पर गेम खेलने के एवज में अच्छा लाभांश प्राप्त करने के लुभावने प्रचार के झांसे में आ गया। एक माह के भीतर वह कई बार ऑनलाइन गेम में शामिल हुआ। इसके पहले उससे गेम खेलाने वाले व्यक्ति द्वारा उसका ईमेल आईडी व मोबाइल नंबर भी मांगा गया था। राकेश कुमार तिवारी गेम खेलने में वह कुछ इस कदर रम गया कि 1 माह में 451 बार में हुए 9 लाख 89 हजार रुपए के लेन-देन का उसे पता ही नहीं चल पाया।
फोन पे से हुआ ट्रांजेक्शन
पुलिस की जांच में यूपीआई व फोन पे यूपीआई के माध्यम से लेन-देन की बातें सामने आ रहीं हैं। लाखों रुपये हाथ से निकलने की जानकारी जब उसे मिली तो होश उड़ गए। कोतवाली पुलिस ने मामले में धारा 420, 66 डी का मामला दर्ज कर जांच में लिया है।
रुपए गंवाने के बाद व्यवसायी ने कर ली थी आत्महत्या
करीब ढाई माह पूर्व 5 मार्च को गोधनपुर वसुंधरा विहार निवासी व्यवसायी ने ऑनलाइन गेम में लाखों रुपए गंवाने के बाद अपनी पुत्री और पुत्र को जहर देकर स्वयं फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।घटना में व्यवसायी व उसकी आठ पुत्री की मौत हो गई थी। इस मामले के सामने आने के बाद पुलिस ने ऑनलाइन गेम प्लेटफार्म को नोटिस भी भेजा था। लगातार ठगी के मामले सामने आने के बावजूद ऑनलाइन गेम में पैसा लगाने वालों की कमी नहीं है।