सरगुजा

मेहनत का फल मिलता है तो आत्मविश्वास बढ़ता है
11-May-2022 8:47 PM
मेहनत का फल मिलता है तो आत्मविश्वास बढ़ता है

गौठान से जुड़ी महिलाओं से मुख्यमंत्री हुए रूबरू

अम्बिकापुर,11 मई। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भेंट-मुलाकात अभियान के दौरान आज सरगुजा के सरमना पहुंचे। यहां सरई पेड़ की छांव के नीचे मुख्यमंत्री ने बैठकर लोगों से शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत जाना। वहीं शासकीय योजनाओं का जीवन पर प्रभाव को भी जानने का प्रयास मुख्यमंत्री श्री बघेल ने किया।

इस दौरान सरमना गौठान से जुडक़र काम कर रही स्व-सहायता समूह की महिलाओं से मुख्यमंत्री श्री बघेल रूबरू हुए। यहां महिलाओं ने बताया कि वे गौठान में ही अनेक तरह की आर्थिक गतिविधियों का संचालन कर रही हैं और वे आर्थिक रूप से संबल बन रही हैं। आत्मविश्वास से लबरेज महिलाओं की बातें सुनकर मुख्यमंत्री श्री बघेल सहसा बोल उठे कि मेहनत का जब फल मिलता है तो आत्मविश्वास बढ़ता ही है।

बीते 4 मई से मुख्यमंत्री श्री बघेल ने प्रदेश से सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों का दौरा शुरू किया है। इस भेंट-मुलाकात अभियान में मुख्यमंत्री आम जनता से सीधे संपर्क साध रहे हैं और संवाद कर रहे हैं। मुख्यमंत्री यह जानने का प्रयास कर रहे हैं कि शासकीय योजनाएं जमीनी स्तर पर क्रियान्वयित हो भी रही हैं या नहीं। शासकीय योजनाओं का लाभ आमजन को कितना मिल पा रहा है और जनता अब भी किन समस्याओं से जूझ रही है।

इसी कड़ी में मुख्यमंत्री का आज सरमना पहुंचना हुआ। मुख्यमंत्री ने गौठान की स्थिति पर जानकारी ली। वहीं महिलाओं से गौठान में संचालित गतिविधियों को जाना। गौठान से जुडक़र काम कर रहीं स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने बताया कि गौठान में जो गोबर खरीदी जा रही है, उससे वे वर्मी कम्पोस्ट के रूप में जैविक खाद का निर्माण कर रही हैं। खाद बेचकर अब तक समूह को 68 हजार का लाभ हुआ है। वहीं गौठान में ही मुर्गीपालन, बटेर पालन किया जा रहा है। इससे उन्हें एक लाख 65 हजार रुपये का आर्थिक लाभ हो चुका है। महिलाओं ने बताया कि उन्हें मुर्गीपालन में अब तक सबसे अधिक लाभ हुआ है। प्रतिदिन औसतन 150  अंडा की बिक्री 6 रुपये प्रति नग अंडा के लिहाज से वे करती हैं।

स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने बताया कि गोबर से उत्पाद बनाने के साथ मुर्गीपालन, बटेर पालन तो कर ही रही हैं। फिनाइल बनाकर आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई भी की जा रही है। इसके अलावा अब समूह नए अवसर भी तलाश रही हैं। इस कड़ी में वे मछलीपालन और सूकर पालन की भी योजना बना रही हैं। यह सुनकर मुख्यमंत्री ने उन्हें प्रोत्साहित किया।

राजापुर और सरमना में दी कई विकास कार्यों की सौगातें
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भेंट-मुलाकात अभियान के तहत सीतापुर विधानसभा क्षेत्र के राजापुर एवं सरमना में आयोजित जन चौपाल में पुल-पुलियों, स्टेडियम, उप तहसील सहित कई विकास कार्यों एवं जन सुविधा की सौगातें दी। मुख्यमंत्री ने राजापुर जन चौपाल में राजपुर में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल खोलने, राजापुर को उप तहसील का दर्जा देन, मांड नदी पर हर्रापार में पुल निर्माण, राजापुर हाईस्कूल में बाउंड्रीवॉल निर्माण, राजापुर में ग्रामीण सहकारी बैंक खोलने, पेयजल के लिए नल जल योजना शुरू करने तथा मैनपाट में स्टेडियम निर्माण की घोषणा की।

इसी तरह बतौली विकासखंड के ग्राम सरमना में आयोजित जन चौपाल में समनिया से सिकनिया तक तथा कदनई से समनिया-मैनपाट तक सडक़ निर्माण, माड़ नदी भंडार डाँड़ में एनीकट का निर्माण, बतौली से करदना तक सडक़ चौड़ीकरण, चिरगा मोड़ से एनएच-43 तक सडक़ निर्माण, बतौली को राजस्व अनुभाग बनाने परीक्षण कराने तथा संभव न हो तो लिंक कोर्ट शुरू की घोषणा की।


अन्य पोस्ट