सरगुजा

दंपत्ति को बंधक बनाकर डकैती, पिटाई भी
02-May-2022 9:56 PM
दंपत्ति को बंधक बनाकर डकैती, पिटाई भी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 2 मई। सरगुजा जिला के बतौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम शिवपुर केनाडांड़ में आधा दर्जन डकैतों ने दंपत्ति को उनके ही घर में बंधक बनाकर घर से जेवर, बर्तनों के साथ नगदी लूट लिए। बताया जा रहा है कि इस दौरान डकैतों ने दंपत्ति को जमकर पीटा। सूचना पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार बतौली के ग्राम शिवपुर केनाडांड़ निवासी किसान मोहर गुप्ता 30 अप्रैल की रात को तेज गर्मी के कारण देर रात 12 बजे के करीब अपनी पत्नी किरण गुप्ता के साथ घर के सामने का दरवाजा बंद करके बाहर बैठकर बातचीत कर रहे थे कि उसी दौरान 6 नकाबपोश डंडा, चाकू लेकर आये और मोहर गुप्ता व उसकी पत्नी को पकड़ लिया।

डकैतों ने मोहर गुप्ता के हाथ-पैर को साड़ी से तथा किरण गुप्ता के हाथ-पैर को गमझा से बांध दिया। इसके बाद डकैतों ने घर में घुसकर पेटी को तोडक़र उसमें रखा एक जोड़ा सोने का टप, सोने का हार, मंगल सूत्र, दो जोड़ा चांदी का पायल, चार नग चांदी का बिछिया,पांच नग नाक का फूल्ली, चार कांस की थाली, एक कांस का बटुआ, एक कांस का कटोरा, स्टील के बर्तन, साड़ी, व एक मोबाईल के साथ ही 15 हजार के करीब नगदी भी लूट लिये।

डकैतों ने यह भी कहा कि एक लाख का गन्ना बेचो हो जाओ पैसा मांगकर लाओ, किरण गुप्ता के हाथ-पैर खोलकर उसे पैसे लेने के लिए मानपुर भेज दिया। पत्नी के जाने के बाद डकैतों द्वारा मोहर गुप्ता को लगातार पीटते हुए पैसे व गहने के बारे में पूछा जा रहा था।

मोहर गुप्ता की पत्नी के जाने के थोड़ी देर बाद सभी डकैत भी वहां से नगदी, जेवर व बर्तन लेकर चले गए। डकैतों द्वारा मारपीट करने से प्रार्थी के बांये पैर, दोनों हाथ, पीठ एवं उसकी पत्नी के सिर तथा शरीर में चोट लगा है।

प्रार्थी के अनुसार उसके घर से करीब एक लाख की डकैती की गई है। सूचना पर पुलिस ने मामले में डकैती का अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच करने की बात कही जा रही है।


अन्य पोस्ट