सरगुजा
6 महिलाओं को बैटरीयुक्त ऑटो रिक्शा की सौंपी चाबी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 23 अप्रैल। बिहान योजना के तहत आजीविका ग्रामीण एक्सप्रेस नाम से स्वयं सहायता समूह की 6 महिला हितग्राहियों को आज बैटरीयुक्त ऑटो रिक्शा दिलाया गया। जनपद पंचायत लखनपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष आदित्येश्वर शरण सिंह देव ने स्व सहायता समूह की महिलाओं को ऑटो रिक्शा की चाभी सौंपते हुए कहा कि आप सब ने पहले से अपने लिए रूट निर्धारित कर लिया है और डेढ़ साल में एक गाड़ी से दूसरी गाड़ी खरीदने की योजना बनाई है, यह काबिलेतारीफ है।
बिहान योजना के तहत 3500 रुपये की मासिक किश्त पर समूह की महिलाओं को बैटरीयुक्त ऑटो रिक्शा उपलब्ध कराया गया है। ऑटो का चाभी सौंप जिला पंचायत सदस्य आदित्येश्वर शरण सिंह देव ने अपने अगले कार्यक्रम नगर पंचायत लखनपुर तक जाने हेतु ऑटो रिक्शा समूह की महिलाओं से बुक किया और जनपद उपाध्यक्ष अमित सिंह देव के साथ अगले कार्यक्रम तक रिक्शा से पहुंचे। इस दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष आदित्येश्वर शरण सिंह देव ने कुछ दूर स्वयं भी ऑटो रिक्शा चलाया और अपने स्टॉपेज पर पहुंच कर समूह की महिलाओं को न सिर्फ किराया बल्कि नेग के रूप में अधिक राशि देकर प्रोत्साहित किया।
लखनपुर में बिहान योजना के तहत 6 ऑटोरिक्शा दिलाये गये हैं, जिसमें समूह की महिलाओं ने सभी का अलग-अलग रूट तैयार कर किराया निर्धारित किया हुआ है, जिससे वे प्रतिदिन लगभग 800 से 1000 रुपये कमाएंगे। जिसमें सब खर्च काट कर लगभग 400 से 500 रुपये प्रतिदिन बचने की आशा है।
इन महिलाओं से बातचीत करते हुए जिला पंचायत उपाध्यक्ष आदित्येश्वर शरण सिंह देव ने कहा कि न सिर्फ ऑटो रिक्शा बल्कि जिस भी कार्य से आप जुड़ कर आर्थिक रूप से सशक्त हो सकते हैं, ऐसे कार्यों को शुरू कीजिए, प्रशिक्षण लीजिए, बाहर जाकर काम देखना है तो देखिए और नई शुरुआत कीजिये। विहान की पूरी टीम, जनपद पंचायत एवं जिला पंचायत सभी आपके सहयोग के लिए तैयार हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष मधु सिंह ने कहा कि समूह की महिलाओं को एकजुटता के साथ काम करना है, काम को मन लगा कर कीजिये, कोई भी काम से आप जुड़ रहे हैं, मतलब आपको इसे करने का मन है और आपने इच्छा व्यक्त की है तभी आपको यह ऑटोरिक्शा उपलब्ध कराया गया है। एकजुटता से कार्य कीजिये, आर्थिक रूप से सशक्त बनिये और नई कहानी लिखिए।
इसके पश्चात नगर पंचायत लखनपुर में मास्टर प्लान को लेकर आयोजित बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष मधु सिंह एवं उपाध्यक्ष आदित्येश्वर शरण सिंह देव ने हिस्सा लिया, वहां उन्होंने लखनपुर के जनप्रतिनिधियों के साथ मास्टर प्लान पर विस्तृत चर्चा की तथा कहा कि आपकी जो भी आपत्ति हो इसे तत्काल लिखित में नगर एवं ग्राम निवेश की टीम को दीजिये, यदि आपने अपनी आपत्ति नहीं जताई तो मास्टर प्लान जैसा बना है, वह वैसा ही लागू हो जायेगा। बाद में कोई भी सुधार आप चाहेंगे तो फिर सुधरेगा नहीं। इस पर लखनपुर नगर पंचायत क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने विस्तृत चर्चा की। इसके पश्चात लखनपुर तालाब में छठ घाट निर्माण का जिला पंचायत उपाध्यक्ष आदित्येश्वर शरण सिंह देव ने भूमिपूजन किया।


