सरगुजा
लखनपुर, 12 मार्च। शनिवार सुबह थाना क्षेत्र के कोरजा में एक ग्रामीण की बाड़ी में महिला की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही लखनपुर पुलिस सहित डॉग स्क्वायड, फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। मृतका की पहचान लीलावती राजवाड़े (30) कोरजा के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक कोरजा निवासी सुखसाय खांडे की बाड़ी में शनिवार की सुबह लीलावती रजवाड़े का शव देखा गया। देखते ही देखते सैकड़ों की संख्या में वहां ग्रामीण एकत्रित हो गए। सरपंच के द्वारा घटना की सूचना लखनपुर पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही लखनपुर पुलिस दलबल के साथ ग्राम कोरजा पहुंची तथा डॉग स्क्वायड तथा फोरेंसिक टीम घटनास्थल पहुँच घटना की जांच में जुटी है। प्रथम दृष्टया आशंका जताई गई है कि महिला की मौत करंट की चपेट में आने से हुई है। महिला के गले हाथ व पैरों में जलने के निशान है। लखनपुर पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो जाएगा कि महिला की मौत कैसे हुई?


