सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,9 मार्च। छ.ग. में आदिवासी जनजाति समाज पर हो रहे अत्याचार व अन्याय को रोकने, प्रधानमंत्री आवास को पुन: छ. ग.में चालू करने, नागेसिया किसान, मांझी, मंझवार, सौंता, पाव, पबिया समाज के जमीन की खरीदी बिक्री में रोक लगाने सहित अन्य मांगों को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम कमिश्नर सरगुजा संभाग को 11 मार्च को भाजपा अनुसूचित जन जाति मोर्चा द्वारा रैली निकाल कर ज्ञापन सौंपा जाएगा।
यह जानकारी देते हुए भाजपा अजजा प्रदेश मंत्री अनुज एक्का ने बताया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णु देव साय 11 मार्च को प्रात: 11 बजे संकल्प भवन भाजपा कार्यालय से निकलने वाली अजजा मोर्चा की रैली में शामिल होंगे तथा मोर्चा की विभिन्न को लेकर कमिश्नर सरगुजा संभाग को ज्ञापन सौंपने जाएंगे।
भाजपा अजजा मोर्चा छ. ग. प्रदेश उपाध्यक्ष एवं सरगुजा संभाग प्रभारी राम लखन सिंह पैकरा ने मोर्चा के सरगुजा संभाग के सभी जिला बलरामपुर, सूरजपुर, सरगुजा, जशपुर कोरिया के अध्यक्षों, जिला प्रभारियों तथा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्यों से अनुरोध किया है कि अपने जिले में निवासरत सभी जनजाति समाज के प्रमुख नेताओं सभी कार्यकर्ताओं को सूचित करें तथा 11 मार्च को प्रात: 11 बजे संकल्प भवन भाजपा कार्यालय अम्बिकापुर में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनावें।
इस संबंध में सरगुजा जिला प्रभारी रामलखन पैकरा ने संकल्प भवन भाजपा कार्यालय में आज मोर्चा के प्रमुख पदाधिकारी कार्यकर्ताओं की बैठक ली। इस अवसर पर अजजा मोर्चा जिला अध्यक्ष धन राम नागेश, निशिकांत भगत, कमलेश टोप्पो, अनामिका पैकरा, बिहारी लाल तिर्की, सेतराम बडा, प्रेमानंद तिग्गा, बुधमेत कूजूर, पूरन सिंह आदिपदाधिकारी उपस्थित थे।


