सरगुजा

सुरेन्द्र को अंतरराष्ट्रीय कबीर अवार्ड
02-Mar-2022 8:32 PM
सुरेन्द्र को अंतरराष्ट्रीय कबीर अवार्ड

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर,2 मार्च।
सरगुजा-छत्तीसगढ़ शबरी सेवा संस्थान के प्रदेश सचिव सुरेन्द्र साहू को अंतरराष्ट्रीय कबीर अवार्ड से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार 20 मार्च को कांन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया नई दिल्ली में भारत सरकार के कृषि मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत के मुख्य आतिथ्य एवं अध्यक्षता सी आर चौधरी पूर्व केन्द्रीय मंत्री, अति विशिष्ट अतिथि पद्मश्री हिम्मत राम भाम्बू , पूर्व राज्यपाल श्रीमती बेबी रानी हिमाचल प्रदेश, भामाशाह शंकर लाल जी सुथार नोखा राजस्थान, राजेन्द्र सिंह सूर्यवंशी उप शासकीय अधिवक्ता उच्च न्यायालय खंडपीठ इंदौर, जगतगुरु रामानंदाचार्य स्वामी श्री1008 श्री रामनरेशाचार्य जी महाराज, श्री मठ पंच गंगा घाट काशी उत्तर प्रदेश रहेंगे।

मंच संचालन केन्द्रीय पशु कल्याण बोर्ड भारत सरकार के सदस्य मोनिका अरोरा करेंगी। छत्तीसगढ़ शबरी सेवा संस्थान के प्रदेश सचिव सुरेन्द्र साहू को यह पुरस्कार बाल अधिकार , महिला अधिकार, नशा मुक्ति के खिलाफ जन जागरूकता अभियान,मानव व्यापार के खिलाफ जन-जागरूकता अभियान, बाल विवाह रोकने हेतु जन-जागरूकता अभियान, पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण एवं लाकडाउन में लगातार किये गये उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रदान किया गया है।

उल्लेखनीय है कि सुरेन्द्र साहू समाज सेवी संस्था छत्तीसगढ़ शबरी सेवा संस्थान के प्रदेश सचिव के पद पर लगातार 25 वर्षों से सामाजिक कार्य कर रहे है। छत्तीसगढ़ शबरी सेवा संस्थान द्वारा वर्तमान में जिला कोरिया और मुंगेली में वृद्धाश्रम का संचालन , अंम्बिकापुर में नशा मुक्ति केंद्र का संचालन एवं बल्ड बैंक का संचालन किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ शबरी सेवा संस्थान के प्रदेश सचिव सुरेन्द्र साहू को पुर्व में नेहरू युवा केन्द्र संगठन सरगुजा द्वारा जिला एवं नेहरू युवा केन्द्र संगठन छत्तीसगढ़ द्वारा राज्य युवा पुरस्कार,स्वामी विवेकानंद राष्ट्रीय युवा पुरस्कार, साहित्य अकादमी एवं मैथिल प्रवाहिका द्वारा छत्तीसगढ़ गौरव सम्मान, भारतीय आदिम जाति सेवक संघ दिल्ली द्वारा आदिवासी सेवा सम्मान, मानसिक कल्याण अभिभावक संघ बिलासपुर द्वारा सेवा सनद सम्मान, छत्तीसगढ़ महिला और बाल विकास द्वारा बाल गौरव सम्मान, छत्तीसगढ़ रत्न सम्मान, तेजस्वी फाऊंडेशन रायपुर द्वारा मानव सेवा सम्मान, एकता फाऊंडेशन नागपुर द्वारा कोविड योद्धा गौरव सम्मान,साथी फाऊंडेशन द्वारा कोरोना योद्धा सम्मान एवं कानपुर द्वारा नवसृजन कला प्रवीण अवार्ड से सम्मानित किया गया है। सुरेन्द्र साहू को अंतरराष्ट्रीय कबीर सम्मान पत्र मिलने पर अनेक लोगों ने बधाई दी है। यह कार्यक्रम अखिल भारतीय सदगुरु कबीर आश्रम के संचालक संत स्वामी नानकदास जी महराज बड़ी खाटु और केन्द्रीय की बोर्ड इंडिया भारत सरकार द्वारा किया जा रहा है।


अन्य पोस्ट