सरगुजा
आईजी ने राजमोहिनी देवी महाविद्यालय से की अभियान की शुरुआत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 28 फरवरी। पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज अजय कुमार यादव एवं पुलिस अधीक्षक अमित तुकाराम कांबले के निर्देशन में बेहतर पुलिसिंग हेतु लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में महिलाओं की आत्म सुरक्षा एवं स्वाभिमान हेतु हिम्म्मत अभियान की शुरुआत की गई। अभियान की शुरुआत कलेक्टर सरगुजा संजीव कुमार झा, पुलिस अधीक्षक अमित कांबले, नगर निगम आयुक्त विजय दयाराम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला की मौजूदगी में की गई।
आज राजमोहिनी देवी महिला महाविद्यालय में सरगुजा के आईजी अजय यादव की विशेष पहल पर सरगुजा जिले में हिम्मत कार्यक्रम का आगाज किया गया। आगामी दिनों में इसे अन्य स्थानों पर भी प्रारंभ किया जाएगा। ज्ञातव्य है कि इस कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व में सूरजपुर जिले में की जा चुकी है, जिसे पूरे सरगुजा रेंज में लागू करने की योजना है।
इस अवसर पर कलेक्टर सरगुजा संजीव कुमार झा ने उपस्थित बालिकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आप अपने परिवार एवं शिक्षण संस्थानों से बुद्धि एवं ज्ञान प्राप्त करते हंै, इस अभियान के माध्यम से विशेष प्रशिक्षण के द्वारा बल प्रदान किया जाएगा, जिससे बालिका एवं महिलाओं में आत्मसुरक्षा के गुण विकसित हो सके।
पुलिस अधीक्षक सरगुजा अमित कांबले ने कहा कि सरगुजा पुलिस के नेतृत्व में महिलाओं से संबंधित विभिन्न प्रकार के कानून प्रचलित है, जिसे लागू किया गया है एवं साइबर फ्रॉड के बारे में भी उनके द्वारा बताया गया। इसके अतिरिक्त अभिव्यक्ति ऐप के माध्यम से भी सुरक्षा की जा रही है। हिम्मत कार्यक्रम से ताइक्वांडो और कराते से आत्मरक्षा का गुण सीख कर आकस्मिक रूप से आए विपरीत परिस्थितियों का सामना वह कर सकती हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला ने कार्यक्रम की रूपरेखा के बारे में बताते हुए नवा बिहान, साइबर ठगी, अभिव्यक्ति ऐप के बारे में विस्तार से बताते हुए आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा प्रदान की।
कार्यक्रम के अंत में राजमोहिनी देवी महिला महाविद्यालय की प्राचार्य ज्योति सिन्हा ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर डीएसपी एमआर कश्यप, महिला थाना प्रभारी सरोज टोप्पो, यातायात प्रभारी जयराम चेरमाको, चौकी प्रभारी मणिपुर अनीता आयाम साथ ही साथ प्रशिक्षक सूरजपुर जिले से चंदन टोप्पो, सरगुजा जिले से राधेश्याम मानिकपुरी उपस्थित थे, जो लगातार 10 दिनों तक प्रात: 11 से 1 बजे तक बालिकाओं को प्रशिक्षित करेंगे। कार्यक्रम में लगभग 500 महिलाएं एवं कॉलेज की छात्राएं उपस्थित थीं।


