सरगुजा

जिले के धान खरीदी केंद्रों में 5 सूत्रीय मांगों को लेकर भाजपा किसान मोर्चा ने दिया धरना
01-Feb-2022 8:31 PM
जिले के धान खरीदी केंद्रों में 5 सूत्रीय मांगों को लेकर भाजपा किसान मोर्चा ने दिया धरना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर,1 फरवरी।
भाजपा छत्तीसगढ़ प्रदेश संगठन के आह्वान पर प्रदेश सरकार के विरोध में 5 सूत्रीय मांगों को लेकर जिले भर के खरीदी केंद्रों में भाजपा किसान मोर्चा ने कल धरना-प्रदर्शन किया।

मैनपाट विकासखण्ड के कमलेश्वरपुर व नर्मदापुर धान खरीदी केंद्र में भाजपा किसान मोर्चा मंडल मैनपाट के द्वारा आयोजित धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए भाजपा किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष जन्मेजय मिश्रा ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा के आह्वान पर आज 5 सूत्रीय मांग को लेकर जिले भर के 46 धान खरीदी केंद्रों पर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन का आयोजन किया गया।

जन्मेजय मिश्रा ने कहा है कि राज्य सरकार के पास किसानों के हित में कोई स्पष्ट नीति नहीं है। प्रदेश के किसानों को लगातार छला जा रहा है प्रदेश में बेमौसम बारिश व ओलावृष्टि से किसानों को भारी नुकसान हुआ है, जिसकी भरपाई सरकार को तुरंत करना चाहिए। आज भाजपा किसान मोर्चा द्वारा मुख्यमंत्री से धान खरीदी की तिथि 15 फरवरी तक बढ़ाने, रबी फसल हेतु खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने, असमय वृष्टि ओला एवं बारिश से क्षतिपूर्ति तत्काल प्रदान करने सहित और भी अन्य मांगों को तत्काल पूर्ण करने की मांग की।

भाजपा जिला उपाध्यक्ष विनोद हर्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार के निर्देश पर खरीदी केंद्रों में अभी से टोकन जारी करना बन्द कर दिया गया है जबकि सभी केंद्रों में अभी तक धान खरीदी लक्ष्य से बहुत दूर है इसी प्रकार पिछले वर्ष बेचे गए धान की बकाया राशि अभी तक किसानों को नहीं दी गई है पिछले दो साल के बोनस के लिए भी किसान दर -दर भटक रहा है।

किसान मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अनिल तिवारी ने कहा कि प्रदेश की किसान विरोधी सरकार लगातार 3 वर्षों से किसानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। धरना प्रदर्शन को सरजू यादव, श्रीराम यादव व किसान मोर्चा के मण्डल अध्यक्ष गोपाल यादव ने भी संबोधित किया।

धरना प्रदर्शन पश्चात दोनों केन्द्रों में तहसीलदार को सभी पदाधिकारी कार्यकर्ताओं व किसानों की उपस्थिति में ज्ञापन सौंपा गया।

इस अवसर पर मनोज यादव, सरजू यादव, चन्द्र प्रकाश सोनवानी, अजय वर्मा, गणेश यादव, ईश्वर चौधरी, सुमेश्वर यादव, उपास यादव, महेंद्र सोनवानी, अनिल यादव,जिलेश्वर, गणेश बरिमा, भागीरथी,रत्न सायं, विष्णु राम, गणेश नाग सहित अनेक पदाधिकारी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट