सरगुजा
दो पकड़ाए, मामला दर्ज
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 5 जनवरी। ऑक्सीजन पार्क से लौटते कुछ युवकों के बीच पुराने विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। कुछ युवकों ने कार सवार लोगों पर प्राणघातक हमला करते हुए पत्थर से मार-मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना नगर के चिलम चौक की है। आरोपियों ने चलती कार पर पत्थरों से पहले हमला किया था। बाद में कार में सवार युवक को पत्थरों व अन्य हथियारों से मारपीट की। घायल युवक की हालत नाजुक बनी हुई है, उसका उपचार शहर के एक निजी अस्पताल के आईसीयू में जारी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अपराध दर्ज करते हुए घटना के दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
इस पूरे मामले को लेकर कोतवाली पुलिस ने बताया कि 4 जनवरी को हनी उर्फ अनुभव दुबे ने थाना आकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह एवं उसके चार अन्य साथी अपनी कार से ऑक्सीजन पार्क से वापस लौट रहे थे। इस बीच रास्ते पर लगभग आधा दर्जन आरोपियों से उनका विवाद हो गया।
बताया गया कि उन सभी का पुराना विवाद चल रहा था। विवाद इस कदर बढ़ गया कि आरोपियों द्वारा पहले चलती कार पर पत्थर फेंका गया। बाद में पत्थर एवं अन्य हथियार से लगातार वार कर दीपक गुप्ता नामक युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया। उसके सिर में गंभीर चोट आई है। कार में सवार सभी युवकों से आरोपियों ने मारपीट की, उन्हें सामान्य चोटें आई हैं।
अनुभव दुबे की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 307, 341 ,294 ,506, 323 ,427, 34 आईपीसी के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। कोतवाली पुलिस ने दो मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
इस पूरे मामले को लेकर पुलिस घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है। गिरफ्तार मुख्य आरोपी के पहले भी कई मामले सामने आ चुके हंै। नाबालिग होने की वजह से पुलिस भी गिरफ्तार आरोपी की इस गुंडागर्दी से परेशान है। घायल युवक की हालत नाजुक बनी हुई है, वहीं पुलिस की विवेचना जारी है।


