सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 30 सितंबर। अम्बिकापुर सहित सरगुजा की खस्ताहाल सडक़ को लेकर गुरुवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने नगर के अंबेडकर चौक पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन से सडक़ पर जाम लग गया। प्रदर्शन में राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम भी शामिल हुए। इस दौरान एसडीएम-सीएसपी प्रदर्शनकारियों को हटाने पहुंचे। पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों द्वारा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को कहा कि चक्काजाम समाप्त नहीं किया तो गिरफ्तार करना पड़ेगा। इतना सुनते ही भाजयुमो कार्यकर्ता भडक़ गए और फिर पुलिस के साथ जमकर झूमाझटकी हुई।
श्री नेताम ने कहा कि भाजपा की सरकार ने छत्तीसगढ़ के चहुमुंखी विकास का जो सपना देखा था, वह चकनाचूर हो गया है। आज चारों ओर सडक़ों की हालत खराब है, इससे लोग परेशान हैं। इस दौरान उन्होंने मंत्री टीएस सिंहदेव व अमरजीत भगत पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जनता परेशान है, लेकिन ये दोनों गायब हैं। इस दौरान उन्होंने मंत्रीद्वय की इस्तीफे की भी मांग की।
भाजयुमो जिलाध्यक्ष तोमर ने कहा कि शहर की सडक़ों पर इतने गड्ढे व धूल हैं कि लोगों का इस पर चलना दूभर हो गया है। इस कारण सडक़ दुर्घटनाओं में भी बढ़ोतरी हुई है। इसके बावजूद सरकार चुप बैठी है।
अंबिकापुर नहीं धूलपुर आपका स्वागत करता है
प्रदर्शन के दौरान भाजयुमो कार्यकर्ता हाथों में तख्ती भी ले रखी थी। उस पर लिखा था कि यह अंबिकापुर नहीं धूलपुर है। धूलपुर में आपका स्वागत हैं। वहीं कुछ कार्यकर्ताओं ने मुंह पर ऑक्सीजन मास्क तथा सिर पर हेलमेट लगा रखा था।उनका मानना था कि धूल से लोगों का सांस लेना दूभर हो गया है। वहीं बिना हेलमेट खस्ताहाल सडक़ पर निकले तो जान भी जा सकती है।
चक्कजाम
अंबेडकर चौक पर प्रदर्शन के दौरान बनारस मार्ग पर चक्काजाम की स्थिति निर्मित हो गई थी। यह देखते हुए एसडीएम प्रदीप साहू व सीएसपी पुष्कर शर्मा दल-बल के साथ वहां पहुंचे। उन्होंने सडक़ जाम देख प्रदर्शन कारियों से हटने कहा। उन्होंने यह भी कहा कि चक्काजाम नहीं हटाने पर वे उनकी गिरफ्तारी भी करेंगे। यह सुनते ही कार्यकर्ता भडक़ गए और प्रशासन-पुलिस के साथ उनकी धक्का-मुक्की हो गई। कार्यकर्ता धक्का देते हुए उन्हें कुछ दूर तक ले गए। अंबिकापुर शहर की धूल उड़ाती व गड्ढों वाली सडक़ों को लेकर भाजयुमो सरगुजा जिलाध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने अंबेडकर चौक पर जमकर प्रदर्शन किया।


