सरगुजा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 23 अगस्त। गांधीनगर नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक हत्या की वारदात सामने आई है, जहां पुलिस ने एक रिटायर्ड शिक्षिका का शव उसके किराए के मकान से बरामद किया है। हत्या करने वालों ने महिला की कार भी चोरी कर ली। गांधीनगर पुलिस के अलावा फॉरेंसिक एक्सपर्ट और डॉग स्क्वायड की टीम मामले की जांच कर रही है।
सोमवार की दोपहर सुभाषनगर स्थित एक किराए के मकान में रह रही रिटायर शिक्षिका के शव को पुलिस की टीम ने बरामद किया। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस की टीम ने प्राथमिक जांच में पाया कि महिला की अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी है। वारदात के दौरान महिला के दोनों पैर को हमलावरों ने पहले बांधा, इसके बाद उसकी हत्या कर दी। मूलत: कोरबा निवासी रिटायर्ड शिक्षिका शांति पटेल बीते 2 वर्षों से गांधीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत सुभाष नगर स्थित एक किराए के मकान में रह रही थी।
महिला किराए के मकान में अकेले रहती थी, वहीं 2 दिन पूर्व महिला के भतीजे विक्रम पटेल ने उसे कई बार फोन लगाया, लेकिन महिला ने फोन रिसीव नहीं किया। इसके बाद विक्रम पटेल महिला से मिलने उसके घर पहुंचा, लेकिन घर के बाहर के दरवाजे में ताला लगा हुआ था। घर के अंदर से बदबू आ रही थी। युवक को किसी अनहोनी का अंदेशा हुआ। इस आधार पर उसने मामले की सूचना गांधीनगर पुलिस को दी। इसके बाद गांधीनगर पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर जब घर का ताला तोड़ अंदर प्रवेश की तो सभी के होश उड़ गए। अंदर के कमरे में महिला का शव खून से लथपथ फर्श पर पड़ा था और महिला के दोनों पैर भी बंधे थे। हत्या की आशंका होने पर गांधीनगर पुलिस ने इस मामले की सूचना पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को दी। इसके बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी सहित फॉरेंसिक एक्सपर्ट और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंच गई।
फिलहाल पुलिस ने शव को बरामद कर पंचनामा पश्चात पीएम के लिए भेज दिया है।
प्राथमिक जांच में पुलिस का मानना है कि महिला की हत्या संपत्ति को लेकर अज्ञात हमलावरों ने की है। फिलहाल पुलिस इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने के लिए मर्ग कायम कर मामले की जांच में जुट गई है।