सरगुजा

भाजपा किसान मोर्चा का अनशन व भूख हड़ताल खत्म
21-Aug-2021 7:45 PM
 भाजपा किसान मोर्चा का अनशन व भूख हड़ताल खत्म

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर, 21 अगस्त। प्रशासन के सार्वजनिक विज्ञप्ति प्रकाशित होने के बाद एवं प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार के आंदोलन स्थल पर विधिवत सूचना देने के बाद भाजपा किसान मोर्चा द्वारा अनशन समाप्त किया गया। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने भी अनशन पर बैठे लीगों को खीर खिलाकर समापन कराया।

ज्ञातव्य हो कि सरकारी कंपोस्ट खाद को किसानों को खरीदने हेतु बाध्य किये जाने व निचले स्तर पर समिति द्वारा किसानों के ऊपर यह कह कर दबाव बनाने की चेष्टा जिसमें कंपोस्ट खाद खरीदना अनिवार्य है अन्यथा यूरिया नहीं दिया जाएगा के कारण समस्या ग्रस्त किसानों को लेकर इस बाध्यता को समाप्त करने की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा सरगुजा लगातार 16 अगस्त से स्थानीय डाटा सेंटर के सामने टेंट लगाकर दिन-रात भूखे अनशन किया जा रहा था।

19 अगस्त को भाजपा प्रतिनिधि मंडल के कलेक्टर सरगुजा से मुलाकात कर चर्चा की गई एवं विषय से अवगत कराने के परिणाम स्वरूप जिला प्रशासन के पीआरओ के नाम से विज्ञप्ति जारी कर यह स्पष्ट किया गया कि सरकारी कंपोस्ट खाद खरीदने के संबंध में किसानों के लिए कोई बाध्यता नहीं है। उक्त आश्वासन के पश्चात भूख हड़ताल समाप्त कर दिया गया। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंह देव पूर्व सांसद कमलभान सिंह,भाजपा जिला उपाध्यक्ष अंबिकेश केसरी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष विनोद हर्ष,महामंत्री बलरामपुर जिला ओम प्रकाश जायसवाल व किसान मोर्चा के कार्यकर्ता भी शामिल रहे।


अन्य पोस्ट