सूरजपुर
सूरजपुर, 25 नवंबर। कलेक्टर रेना जमील के निर्देशन में धान खरीदी से संबंधित अधिकारियों द्वारा जिले के धान खरीदी केंद्रों का सतत निरीक्षण किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सुनील अग्रवाल द्वारा धान खरीदी केंद्र बकिरमा का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान कृषक गोविंद बरगाह, निवासी नवापारा द्वारा लाया गया लगभग 100 क्विंटल धान अमानक एवं पुराना पाया गया। अधिकारियों द्वारा मौके पर ही उक्त धान की जब्ती की कार्यवाही की गई। जांच में पाया गया कि उक्त धान शासन द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुरूप नहीं था। पुराने एवं अमानक धान को नवीन धान के रूप में खपाने का प्रयास किया जा रहा था। कलेक्टर ने निर्देशित किया है कि धान खरीदी में पूर्ण पारदर्शिता बरती जाए। किसानों के धान की गुणवत्ता की समुचित जांच के उपरांत ही खरीदी की जाए।
अमानक धान की खरीदी किसी भी स्थिति में न की जाए।
उन्होंने कहा है कि खरीदी केंद्रों में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जिले के सभी धान खरीदी केंद्रों का इसी प्रकार औचक निरीक्षण जारी रखा जाए, ताकि वास्तविक किसानों को शासन की योजनाओं का लाभ मिल सके।