सूरजपुर

साढ़े 8 लाख के निर्माण कार्य में एजेंसी बदलने पर उठे सवाल
25-Nov-2026 11:20 PM
साढ़े 8 लाख के निर्माण कार्य में एजेंसी बदलने पर उठे सवाल

कांग्रेस का 27 को धरना-प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 25 नवंबर। जनपद पंचायत रामानुजनगर में 16वें वित्त आयोग की 8 लाख 51 हजार 400 रुपये की राशि से होने वाले निर्माण कार्यों की एजेंसी बदलने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। युवा कांग्रेस के विरोध और आंदोलन की चेतावनी के बाद जनपद प्रशासन ने पूर्व आदेश में संशोधन करते हुए ग्राम पंचायत कौशलपुर की जगह रामानुजनगर को निर्माण एजेंसी बना दिया है।

जिला मीडिया प्रभारी अविनाश साहू एवं युवा कांग्रेस नेता राजू राजवाड़े ने आरोप लगाया कि जनपद कार्यालय परिसर में छत जीर्णोद्धार के लिए 5 लाख, कक्ष जीर्णोद्धार के लिए 3 लाख 6 हजार 200 तथा शौचालय जीर्णोद्धार के लिए 45 हजार 200 रुपये के कार्यों की एजेंसी नियमों को दरकिनार कर कौशलपुर पंचायत को सौंपी गई थी। इस मामले में कलेक्टर से शिकायत और धरना-प्रदर्शन व पुतला दहन की चेतावनी के बाद प्रशासन ने संशोधित आदेश जारी किया।

कांग्रेस नेताओं ने सवाल उठाया कि यदि 21 अक्टूबर का मूल आदेश सही था तो अगले ही दिन सामान्य सभा के प्रस्ताव का हवाला देकर उसमें बदलाव क्यों किया गया? वहीं, यदि 26 अक्टूबर को ही संशोधित आदेश जारी हो गया था तो 2 नवंबर को जनदर्शन में शिकायत के बाद भी इसे लंबे समय तक सार्वजनिक क्यों नहीं किया गया?

युवा कांग्रेस ने मूल आदेश क्रमांक 3470 से संशोधित आदेश क्रमांक 3521 तक की पूरी नोटशीट, सामान्य सभा का प्रस्ताव और आवक-जावक रजिस्टर सार्वजनिक करने की मांग की है। साथ ही एजेंसी बदलने के फैसले में नियम विरुद्ध भूमिका निभाने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई तथा जनदर्शन शिकायत की बिंदुवार जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की है।

नेताओं ने स्पष्ट किया कि 27 नवंबर को प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन स्थगित नहीं होगा। सभी मांगें पूरी होने और संबंधित दस्तावेज सार्वजनिक किए जाने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी गई है।


अन्य पोस्ट