सूरजपुर
दिल्ली से आए रागी जत्थे का शबद कीर्तन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 25 नवंबर। सिख धर्म के संस्थापक व प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव का 557वां प्रकाश उत्सव भक्ति व श्रद्धाभाव से मनाया गया। प्रकाश उत्सव को भव्य रूप से मनाने हेतु नगर के गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा में प्रबंधन कमेटी व सिख समाज द्वारा पखवाड़े भर पूर्व से तैयारियां प्रारम्भ कर दी गई थीं।
रविवार को गुरुद्वारा साहेब में आरम्भ कराये गये अखण्ड पाठ की समाप्ति मंगलवार के दिन सुबह 11.30 बजे सम्पन्न हुई, तत्पश्चात प्रकाश उत्सव के आयोजन के लिए विशेष तौर पर राजधानी दिल्ली से आये रागी जत्थे ज्ञानी सतवीर सिंह, जसविंदर सिंह व खेन सिंह द्वारा उपस्थित साध संगत को गुरबाणी कीर्तन सुनाकर निहाल किया गया,रागी जत्थे ने श्री गुरुनानक देव की धर्म निष्पेक्षता,मानव धर्म का एक रूप एवं आपसी प्रेम व भाई चारा की गुरबाणी के अनुसार से दी हुई सीख को साझा कर पुन: स्मरण कराया,गुरुपर्व के दिन सुबह से ही सिख सेवादारों व श्रद्धालुओं का गुरुद्वारा प्रांगण पहुंचने का सिलसिला चलता रहा,इस दौरान काफ़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गुरु ग्रन्थ साहेब जी के समक्ष मत्था टेककर सुख शाँति की अरदास की, अरदास समाप्ति पश्चात गुरु का लंगर चलाया गया जिसे सैकड़ों भक्तों ने ग्रहण किया,सिख युवा समिति व स्त्री साध संगत के सदस्यों ने लंगर वितरण की सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।