सूरजपुर

बकरी चोरी का पर्दाफाश, छह आरोपी बंदी
25-Nov-2026 11:18 PM
बकरी चोरी का पर्दाफाश, छह आरोपी बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 25 नवंबर। लटोरी चौकी क्षेत्र में लगातार हो रही बकरा-बकरी चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए सूरजपुर पुलिस ने चोरी करने वाले गिरोह के छह सदस्यों सहित चोरी का माल खरीदने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। वहीं वारदात में प्रयुक्त कार किराये पर देने वाले वाहन मालिक को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो बकरी, वारदात में प्रयुक्त सियाज कार क्रमांक सीजी 10 व्ही 9456 तथा चोरी में इस्तेमाल लोहे का रॉड, पेचकस और प्लास्टिक टेप जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, लटोरी चौकी क्षेत्र के करवा निवासी मोहम्मद मुस्लिम अंसारी के घर से 1-2 नवंबर की दरम्यानी रात चार बकरा-बकरी चोरी किए गए थे। इसी तरह जगतपुर निवासी सुरेश कुमार कुशवाहा के घर से 20-21 नवंबर की रात पांच बकरा-बकरी चोरी कर लिए गए थे। दोनों मामलों में अपराध दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी।

पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन एवं एसडीओपी अभिषेक पैंकरा के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। 24 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सोनवाही जंगल के पास घेराबंदी कर सियाज कार सवार पांच संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने करवा और जगतपुर में चोरी की दोनों वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।

आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए बकरा-बकरी सीतापुर क्षेत्र के रायकेरा टोकापारा निवासी नुरुल्लाह खान को बेचे गए थे। पुलिस ने नुरुल्लाह को भी गिरफ्तार किया। वहीं जांच में सामने आया कि वाहन मालिक अजीत पैकरा आरोपियों को प्रतिरात्रि सात हजार रुपये किराये पर कार उपलब्ध कराता था, जिसका इस्तेमाल चोरी की वारदातों में किया जाता था।

रेकी के बाद देते थे वारदात को अंजाम

आरोपियों ने चोरी का तरीका बताते हुए पुलिस को बताया कि वे वारदात से दो-तीन घंटे पहले संबंधित गांव पहुंचकर रेकी करते थे। इसके बाद घर में घुसकर बकरा-बकरियों के मुंह पर प्लास्टिक टेप चिपका देते थे, ताकि वे आवाज न कर सकें। इसके बाद उन्हें कार में रखकर फरार हो जाते थे। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में गिरोह ने लटोरी चौकी क्षेत्र में दो, खडग़वां चौकी क्षेत्र में दो तथा सरगुजा जिले के लखनपुर में एक सहित कुल पांच स्थानों पर चोरी करना स्वीकार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में कुछ के खिलाफ पूर्व में भी चोरी के मामले दर्ज हैं। इनमें नुरुल्लाह खान के खिलाफ बकरा चोरी, दिलचंद दास उर्फ ममता के खिलाफ मोटरसाइकिल चोरी तथा अजीत पैकरा के खिलाफ रामानुजगंज में ज्वेलरी दुकान चोरी का मामला सामने आया है।

प्रकरण में चोरी का माल खरीदने वाले नुरुल्लाह खान के विरुद्ध धारा 317(4) बीएनएस तथा संगठित रूप से अपराध करने के संबंध में आरोपियों के खिलाफ धारा 112 बीएनएस भी जोड़ी गई है। कार्रवाई में लटोरी चौकी प्रभारी सुनील सिंह सहित एएसआई वरुण तिवारी, प्रधान आरक्षक रामनिवास तिवारी, रविशंकर विकास मिश्रा तथा पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही।


अन्य पोस्ट