सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
प्रतापपुर, 13 नवंबर। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरहरी में जनजातीय गौरव सप्ताह के तहत धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और बाल दिवस बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। दो दिवसीय आयोजन का शुभारंभ भगवान बिरसा मुंडा और छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन और राज्य गीत के साथ हुआ।
कार्यक्रम में सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज वर्चुअली मुख्य अतिथि के रूप में जुड़े, वहीं सरपंच मीनमती मंच पर मौजूद रहीं। अध्यक्षता जनपद सदस्य कुंती शिवपाल कुशवाहा ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में विजय नारायण कुशवाहा, प्रेमचंद कुशवाहा, उपसरपंच उषा देवी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन राज्यपाल पुरस्कृत व्याख्याता अजय कुमार चतुर्वेदी ने किया।
वर्चुअल उद्बोधन में सांसद चिंतामणि महाराज ने सभी को जनजातीय गौरव दिवस की बधाई देते हुए भगवान बिरसा मुंडा के साथ-साथ सरगुजा के जनजातीय गौरव माता राजमोहिनी देवी और संत गहिरा गुरु के जीवन पर प्रकाश डाला और विद्यार्थियों से उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। प्राचार्य दिलीप तिवारी ने भी संत-महापुरुषों की जीवनी को जीवन में उतारने की प्रेरणा दी।
न्योता भोज और पुरस्कार वितरण
14 नवम्बर को बाल दिवस के अवसर पर प्राचार्य द्वारा पंडित जवाहरलाल नेहरू के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम शुरू किया गया। इस दौरान स्कूल परिवार द्वारा सभी बच्चों के लिए विशेष न्योता भोज का आयोजन किया गया, जिसका बच्चों ने लुत्फ उठाया। साथ ही जनजातीय गौरव सप्ताह के तहत आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में रंगोली, चित्रकला, भाषण, सांस्कृतिक नृत्य और क्विज प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं।
प्रतियोगिताओं में ये रहे विजेता
रंगोली में प्राथमिक स्तर पर प्रथम खुशनुमा बंजारे, द्वितीय विनीता व साथी, चित्रकला हायर सेकेंडरी स्तर पर प्रथम सृष्टि यादव, द्वितीय प्राची यादव, भाषण हायर सेकेंडरी स्तर पर प्रथम सृष्टि यादव, द्वितीय तारा रानी, क्विज प्रतियोगिता में प्रथम शहीद वीर नारायण सिंह टीम कक्षा 12वीं, द्वितीय बिरसा मुंडा टीम रही। इस अवसर पर जनजातीय महिला सरपंच मीनमती और बोर्ड परीक्षा में प्रथम स्थान लाने वाली छात्राओं प्राची यादव, वंदना पटेल, सुनीता और ज्योति राजवाड़े को सम्मानित किया गया।