सूरजपुर

जुआरियों से पुलिस ने बनाई दूरी, पिछले साल की घटना का दिखा असर
10-Nov-2026 8:26 PM
जुआरियों से पुलिस ने बनाई दूरी, पिछले  साल की घटना का दिखा असर

दीपावली पर जुआ पकडऩे का अभियान रहा ठंडा, सूरजपुर जिले के पांच थानों में दर्ज हुआ महज एक प्रकरण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 10 नवंबर। दीपावली पर्व पर हर साल जुआरियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने वाली सूरजपुर पुलिस इस बार काफी हद तक निष्क्रिय नजर आई। जिले में जुआ के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगभग ठंडी रही। इसके पीछे पिछले साल दीपावली के दौरान जयनगर थाना क्षेत्र में हुई एक बड़ी घटना को प्रमुख वजह माना जा रहा है।

बताया जाता है कि पिछले वर्ष दीपावली की पूर्व संध्या पर जयनगर पुलिस ने थाने के ठीक पीछे स्थित कुंजनगर बस्ती में संचालित जुए के फड़ पर आधी रात को मुखबिर की सूचना पर दबिश दी थी। पुलिस को देखकर जुआ खेल रहे लोग अंधेरे में इधर-उधर भागने लगे। इनमें कई लोगों के शराब के नशे में होने की भी बात सामने आई थी। इसी दौरान कुंजनगर निवासी बाबूलाल राजवाड़े (21 वर्ष), पिता चंदर राजवाड़े, अंधेरे में भागते समय कुएं में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी ग्रामीणों को मिलते ही माहौल तनावपूर्ण हो गया। देखते ही देखते सैकड़ों ग्रामीण लाठी-डंडे और पत्थर लेकर जयनगर थाने पहुंच गए और जमकर हंगामा करते हुए तोडफ़ोड़ की। इस दौरान थाने में खड़ी गाडिय़ों, सीसीटीवी कैमरों सहित अन्य सामान को नुकसान पहुंचाया गया। पूरी रात और अगले दिन दोपहर तक चले घटनाक्रम के बाद किसी तरह स्थिति नियंत्रित हुई।

ग्रामीणों का आरोप था कि युवक के कुएं में गिरने के बाद पुलिस ने उसे निकालने का प्रयास नहीं किया और मौके से चली गई। इसी आरोप को लेकर ग्रामीणों ने सडक़ पर शव रखकर विरोध प्रदर्शन भी किया था। इस घटना ने पुलिस और ग्रामीणों के बीच तनाव की स्थिति पैदा कर दी थी।

बताया जा रहा है कि पिछले साल की इस घटना के बाद से पुलिस जुआ के मामलों में कार्रवाई को लेकर काफी सतर्क हो गई। इस वर्ष दीपावली पर पुलिस के उच्चाधिकारियों की ओर से भी थाना-चौकियों को जुआ पकडऩे का कोई विशेष लक्ष्य नहीं दिए जाने की चर्चा रही। परिणामस्वरूप जुआरियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई बेहद सीमित रही और जुआ खेलने वालों की मौज रही।

सूरजपुर कोतवाली, बिश्रामपुर, जयनगर, लटोरी और करंजी पुलिस द्वारा दीपावली के दौरान जुआ का महज एक प्रकरण दर्ज किया जाना पुलिस की कार्रवाई की स्थिति बयां करता है। हर साल दीपावली पर जुआ के खिलाफ चलने वाला अभियान इस बार लगभग नदारद रहा।


अन्य पोस्ट