सूरजपुर
कांग्रेस पर साधा निशाना
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 4 नवंबर। भाजपा ने बुधवार को सूरजपुर में लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ नारे के साथ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान जिलेभर से पहुंचे हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं ने भैयाथान रोड स्थित अग्रसेन भवन से केतका रोड रंगमंच तक पैदल रैली निकाली। रैली में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए एसआईआर प्रक्रिया के समर्थन में आवाज बुलंद की।
रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने एसआईआर रोकना तो एक बहाना है, घुसपैठियों को बचाना है और लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ जैसे नारे लगाए। इसके बाद रंगमंच परिसर में विशाल सभा आयोजित की गई। सभा में वक्ताओं ने कांग्रेस पर वोट चोरी के नाम पर भ्रम फैलाने, लोकतांत्रिक संस्थाओं को बदनाम करने और जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया।
भाजपा नेताओं ने कहा कि कांग्रेस राजनीतिक लाभ के लिए एसआईआर प्रक्रिया का विरोध कर रही है, जबकि मतदाता सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाने के लिए यह प्रक्रिया आवश्यक है।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में मंत्री अनुराग सिंह उपस्थित रहे। वहीं महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, विधायक शकुंतला पोर्ते एवं भुलन सिंह मरावी, वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा, संभागीय प्रभारी अवधेश चंदेल, जिला संगठन प्रभारी शिवनाथ यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष मुरली सोनी एवं वरिष्ठ नेता भीमसेन अग्रवाल सहित अन्य नेताओं ने सभा को संबोधित किया।
इस दौरान पूर्व जिला अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री, जिला पंचायत के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्य सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।