सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर,3 नवंबर। ग्राम कुबेरपुर में ट्रैक्टर दुर्घटना के बाद उत्पन्न कानून एवं शांति व्यवस्था की स्थिति को नियंत्रित करने में प्रशासनिक लापरवाही बरतने पर सरगुजा संभाग के कमिश्नर नरेंद्र कुमार दुग्गा ने बिहारपुर के प्रभारी तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार करमचंद जाटवर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जारी आदेश के अनुसार, 17 अक्टूबर 2026 को ग्राम कुबेरपुर में ट्रैक्टर दुर्घटना के बाद कानून एवं शांति व्यवस्था की स्थिति निर्मित हुई थी। इस दौरान प्रभारी तहसीलदार करमचंद जाटवर द्वारा स्थिति को नियंत्रित करने में प्रशासनिक शिथिलता बरतने के साथ ही शासकीय दायित्वों के निर्वहन में उदासीनता एवं लापरवाही की गई। कलेक्टर के प्रतिवेदन में उनके आचरण को शासकीय सेवक की गरिमा के विपरीत और गंभीर कदाचार की श्रेणी में माना गया है।
कमिश्नर ने उक्त कृत्य को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के विपरीत मानते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9(1)(क) के तहत निलंबन की कार्रवाई की है।
वायरल ऑडियो के बाद से कार्रवाई की थी चर्चा
गौरतलब है कि कुबेरपुर की घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक ऑडियो वायरल हुआ था, जिसमें आंदोलन में शामिल एक शिक्षक को कार्रवाई से बचाने के लिए कथित तौर पर एक लाख 40 हजार रुपये लिफाफे में रखकर अधिकारी तक पहुंचाने की बातचीत सामने आई थी। कथित लेनदेन से जुड़े इस ऑडियो के वायरल होने के बाद से ही मामले में प्रशासनिक कार्रवाई की संभावना जताई जा रही थी। करीब पखवाड़े भर बाद अब प्रभारी तहसीलदार पर निलंबन की गाज गिरी है।
घटना के दूसरे दिन महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े भी मौके पर पहुंची थीं। उन्होंने पुलिस एवं प्रशासनिक अमले की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए थे। इसके बाद से ही मामले में प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई को लेकर चर्चाएं चल रही थीं।