सूरजपुर

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के प्रयासों से खालबहारा में सडक़-पुल निर्माण को मिली मंजूरी
02-Nov-2026 8:36 PM
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के प्रयासों से खालबहारा में सडक़-पुल निर्माण को मिली मंजूरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 2 नवंबर। महिला एवं बाल विकास मंत्री एवं भटगांव विधायक लक्ष्मी राजवाड़े के प्रयासों से ओडग़ी विकासखंड के ग्राम पंचायत खालबहारा में सडक़ निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। लोक निर्माण विभाग ने खालबहारा मेन रोड से पंचायत भवन तक 1.50 किलोमीटर लंबे मार्ग का पुल-पुलियों सहित निर्माण कराने के लिए 1 करोड़ 65 लाख 85 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है।

उक्त निर्माण कार्य वर्ष 2025-26 के बजट में शामिल है। सडक़ निर्माण होने से ग्रामीणों को पंचायत भवन तक आवागमन में सुविधा मिलेगी। वर्तमान में ग्रामीणों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी। साथ ही मार्ग में पुल-पुलियों का निर्माण होने से बरसात के दिनों में भी आवागमन सुगम हो सकेगा।

स्वीकृति आदेश के अनुसार निर्माण कार्य शुरू करने से पहले तकनीकी स्वीकृति एवं निविदा सहित निर्धारित प्रक्रियाएं पूरी की जाएगी। सडक़ निर्माण पूरा होने से खालबहारा के ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी और पंचायत स्तर पर संचालित शासकीय गतिविधियों में भी सहूलियत होगी।


अन्य पोस्ट