सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 1 नवंबर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर सूरजपुर पुलिस द्वारा ‘एकता दौड़’ (रन फॉर यूनिटी) का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों, स्कूली छात्र-छात्राओं, युवाओं एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश दिया।
रन फॉर यूनिटी की शुरुआत भैयाथान रोड से हुई। यहां से प्रतिभागी बाईपास रोड रेलवे क्रॉसिंग तक पहुंचे और वापस भैयाथान रोड आकर दौड़ पूरी की। लगभग पांच किलोमीटर की इस दौड़ में सभी प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। आयोजन का उद्देश्य सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के प्रति योगदान और उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही युवाओं में अनुशासन एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
दौड़ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए त्रिभुवन सिंह ने प्रथम, इंदर प्रसाद ने द्वितीय तथा राधामनी मिंज ने तृतीय स्थान हासिल किया।
इस अवसर पर एसडीओपी अभिषेक पैंकरा, सीएसपी बेनार्ड कुजूर, रक्षित निरीक्षक अशोक गिरी, थाना प्रभारी प्रहलाद यादव, निरीक्षक मनोज नेताम, सूबेदार भारती देवांगन सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली बच्चे, युवा एवं ग्रामीणजन मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता बनाए रखने तथा देश की संप्रभुता की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।