सूरजपुर

भूमिगत खदान में फिर घुसे 2 दर्जन हथियारबंद नकाबपोश, केबल काटकर ऑपरेटर को बनाया बंधक
31-Oct-2026 8:46 PM
भूमिगत खदान में फिर घुसे 2 दर्जन हथियारबंद नकाबपोश, केबल काटकर ऑपरेटर को बनाया बंधक

 बिजली आपूर्ति घंटों ठप रही

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 31 अक्टूबर। एसईसीएल बिश्रामपुर क्षेत्र की बलरामपुर 10/12 भूमिगत खदान में हथियारबंद बदमाशों ने एक बार फिर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया है। शुक्रवार की देर रात करीब 20 से 25 की संख्या में पहुंचे हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने खदान के पंखा घर में धावा बोलकर बेशकीमती केबल काट लिए और ड्यूटी पर तैनात पंखा ऑपरेटर को बंधक बनाकर जान से मारने की धमकी दी। इस घटना के चलते खदान का पंखा सिस्टम और बिजली आपूर्ति घंटों ठप रही।

शुक्रवार रात करीब 2 बजे हथियारों से लैस बदमाश खदान के पंखा घर में घुसे और वहां ड्यूटी कर रहे ऑपरेटर सुबरन (पिता राम प्रसाद) को अपने कब्जे में ले लिया। बदमाशों ने उन्हें धमकाकर केबल काटे और अपने साथ ले गए। आरोपियों की संख्या 20 से 25 बताई जा रही है।

छह दिनों में दूसरी बड़ी वारदात

बलरामपुर 10/12 खदान में इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। महज पांच से छह दिन पहले भी इसी खदान में हथियारबंद बदमाशों ने लूटपाट की थी। पिछले एक वर्ष में यहां दर्जनों बार केबल काटे जाने की घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे खदान कर्मियों में भय का माहौल है।

सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

क्षेत्र में त्रिपुरा राइफल के 50 से अधिक जवानों की तैनाती के बावजूद खदानों से कीमती केबल और कबाड़ की चोरी पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। महज पांच चालू और दो बंद खदानें होने के बावजूद इस तरह की वारदातें होना सुरक्षा बलों की कार्यप्रणाली और तैनाती पर बड़े सवाल खड़े करता है। कर्मचारियों ने सुरक्षा कर्मियों की लापरवाही या संभावित मिलीभगत की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है, ताकि दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो सके।


अन्य पोस्ट