सूरजपुर
झोलाछाप चिकित्सकों पर भी कार्रवाई के निर्देश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 30 अक्टूबर। जिले में संचालित पैरामेडिकल शिक्षण संस्थानों के पंजीयन, मान्यता एवं निर्धारित मापदंडों की जांच की जाएगी। वहीं, बिना वैध पंजीयन और आवश्यक योग्यता के उपचार करने वाले झोलाछाप चिकित्सकों तथा अवैध चिकित्सा केंद्रों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर रेना जमील ने संबंधित अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश दिए हैं।
प्रशासन के अनुसार, विद्यार्थियों के शैक्षणिक भविष्य और आम नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पैरामेडिकल संस्थानों के दस्तावेजों, मान्यता एवं संचालन संबंधी नियमों की जांच की जाएगी। अनियमितता पाए जाने पर संबंधित संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इसी क्रम में ग्राम तिलसिवां स्थित गुरुकुल पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट में जांच के दौरान पंजीयन नहीं पाए जाने पर स्वास्थ्य एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने संस्थान को सील कर दिया। संस्थान के संबंध में मिली शिकायत के बाद कलेक्टर के निर्देश पर जांच कराई गई थी।
कलेक्टर रेना जमील ने स्वास्थ्य विभाग को जिले में बिना आवश्यक चिकित्सकीय योग्यता एवं वैध पंजीयन के उपचार करने वाले व्यक्तियों तथा अवैध चिकित्सा केंद्रों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह ने बताया कि कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले के पैरामेडिकल शिक्षण संस्थानों के पंजीयन, मान्यता और निर्धारित मापदंडों की जांच की जाएगी।
साथ ही अनाधिकृत रूप से चिकित्सा कार्य करने वालों के विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।